गौशाला के नाम पर 28.50 लाख की ठगी, फर्जी दस्तावेजों का जाल बिछाकर गिरोह ने रची साजिश

Spread the love

24 घंटे में खुलासा करने वाली भोपा पुलिस टीम को ₹25 हजार इनाम, 7 आरोपी दबोचे

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र में गौशाला के लिए जमीन दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी करने वाले शातिर गिरोह का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। महज 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गिरोह के सरगना समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिनके कब्जे से 22 लाख रुपये नकद, कंप्यूटर उपकरण और फर्जी आधार कार्ड बरामद हुए हैं।
पूरा मामला सुनियोजित साजिश का हिस्सा था, जिसमें आरोपियों ने पहले फर्जी दस्तावेज तैयार किए, फिर एक नकली जमीन मालिक और फर्जी लेखपाल खड़ा कर पीड़ित को झांसे में लिया। 42 बीघा जमीन और हजारों पेड़ों वाले बाग का लालच देकर सौदा तय कराया गया और मौके पर ही 28.50 लाख रुपये ठग लिए गए।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह का सरगना हासिम लंबे समय से पीड़ित के संपर्क में था और उसने ही पूरी ठगी की पटकथा लिखी। गिरोह के अन्य सदस्य अलग-अलग किरदार निभा रहे थे—किसी ने फर्जी आधार कार्ड बनाए, तो किसी ने खुद को जमीन मालिक और सरकारी कर्मचारी बताकर भरोसा जीत लिया।
ठगी के बाद आरोपियों ने अपने सभी मोबाइल नंबर और सिम तोड़कर फेंक दिए ताकि कोई सुराग न मिल सके, लेकिन भोपा पुलिस ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तुगलकपुर रोड स्थित सीकरी क्षेत्र में दबिश देकर सभी को धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपियों में हासिम, प्रवीन, दिलशाद, सुखविंदर, फैजाव, रवीश और अब्दुल कादिर शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इनमें से कई आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वे पहले भी गंभीर धाराओं में जेल जा चुके हैं।
इस सराहनीय कार्रवाई पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने भोपा पुलिस टीम को ₹25 हजार के नकद इनाम से पुरस्कृत करते हुए प्रशस्ति पत्र भी दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *