विश्वास का कत्ल… बढ़ई निकला लाखों की चोरी का मास्टरमाइंड

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। मुज़फ्फरनगर के थाना नई मंडी क्षेत्र में हुई लाखों की चोरी का पुलिस ने ऐसा खुलासा किया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। जिस शख्स पर घर वालों ने भरोसा किया, वही उनके लिए सबसे बड़ा गुनहगार बन गया। बढ़ई का काम करने वाले युवक ने पहले घर की हर गतिविधि पर नजर रखी और फिर मौका मिलते ही लाखों के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर करीब 12 लाख रुपये के आभूषण बरामद कर लिए हैं।

दरअसल, पूरा मामला थाना नई मंडी क्षेत्र के शांति नगर का है, जहां 13 मार्च को पूजा नाम की महिला ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर उसके घर का ताला तोड़कर अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और 50 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

थाना प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय जानकारी के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, संदिग्धों से पूछताछ की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
लगातार मेहनत के बाद 16 मार्च को पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी, जब पचेण्डा बाईपास पुल के पास रनवीरा रिसोर्ट के नजदीक से एक संदिग्ध युवक को दबोच लिया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण बरामद हुए, जिनकी कीमत करीब 12 लाख रुपये आंकी गई है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रवि पुत्र मदन निवासी बधाई कला थाना चरथावल के रूप में हुई है, जो पेशे से बढ़ई है और शांति नगर में किराये की दुकान लेकर काम करता था। पूछताछ में आरोपी ने जो कहानी बताई, उसने पूरे मामले की सच्चाई उजागर कर दी।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसका पीड़ित परिवार के घर में अक्सर आना-जाना था। इसी दौरान उसने एक दिन देखा कि घर की महिला अलमारी में जेवरात रख रही है। बस यहीं से उसके मन में लालच पैदा हुआ और उसने चोरी की योजना बना डाली।
आरोपी ने बड़ी चालाकी से पहले घर के मेन गेट की डुप्लीकेट चाबी तैयार की और फिर 9 मार्च को जब परिवार शादी में गया हुआ था, उसने मौका पाकर गेट खोला और कमरे का ताला तोड़कर अंदर घुस गया। इसके बाद उसने अलमारी में रखे सभी कीमती आभूषण और नकदी चोरी कर ली।

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद को बचाने के लिए बेहद शातिर तरीका अपनाया। उसने चोरी किए गए सभी जेवरात को पास के ईख के खेत में छिपा दिया, ताकि किसी को उस पर शक न हो। कई दिनों तक वह मौके की तलाश में रहा और 16 मार्च को जब वह जेवरात निकालकर बेचने जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया।

बरामदगी में सोने के कंगन, गले का सेट, अंगूठियां, नाक की लोंग, टॉप्स, झुमके और मंगलसूत्र के अलावा चांदी के कमरबंद, पाजेब, बिछुए, सिक्के और अन्य कीमती सामान शामिल हैं। इतनी बड़ी मात्रा में जेवरात बरामद होना पुलिस के लिए बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *