रामपुर में नहीं है गैस की कोई कमी, किसी को नहीं होगी दिक्कत : आकाश

Spread the love

गैस की सप्लाई को लेकर गैस एजेंसी स्वामियों और पूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ शहर विधायक आकाश सक्सेना ने की बैठक

बोले अफवाह फैलाने वालों से रहें सावधान

रिपोर्ट – शारिक खान

रामपुर। शहर विधायक आकाश सक्सेना ने कहा कि रामपुर में रसोई गैस की कोई कमी नहीं है। यहां किसी भी वैद्य उपभोक्ता को गैस की आपूर्ति में दिक्कत नहीं होगी। ऐसे में उपभोक्ता गैस की सप्लाई को लेकर परेशान न हों। ईद पर भी गैस की भरपूर सप्लाई होगी। वह रामपुर सेवक कार्यालय पर आयोजित गैस एजेंसी स्वामियों और पूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में बोल रहे थे।

उन्होंने गैस एजेंसी संचालकों से कंपनी के माध्यम से गैस की आवक और ग्राहकों तक आपूर्ति के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। एजेंसी संचालकों ने बताया कि गैस सप्लाई में किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं है। भरपूर आपूर्ति प्राप्त हो रही है। लेकिन, दिक्कत सिर्फ उन लोगों को हो रही है, जिनके वैद्य कनेक्शन नहीं हैं या फिर उनकी केवाईसी पूर्ण नहीं है। बाकि, आपूर्ति में कोई समस्या नहीं है। जिस पर विधायक आकाश सक्सेना ने एजेंसी संचालकों से कहा कि उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए, ताकि किसी भी परिवार को परेशानी न हो। साथ ही पूर्ति विभाग के अधिकारियों को भी सप्लाई व्यवस्था की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए। विधायक ने कहा कि आगामी ईद को देखते हुए गैस की अतिरिक्त व्यवस्था की गई है। त्योहार के दौरान भी उपभोक्ताओं को गैस की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा। आकाश सक्सेना ने लोगों से अपील की कि गैस की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि कुछ लोग बिना वजह गलत जानकारी फैलाकर लोगों को परेशान कर रहे हैं, जबकि वास्तविक स्थिति में गैस की कोई कमी नहीं है। विधायक ने उपभोक्ताओं से कहा कि वे घबराएं नहीं और सामान्य तरीके से ही गैस बुकिंग कराएं। प्रशासन और गैस एजेंसियां मिलकर यह सुनिश्चित कर रही हैं कि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो। इस अवसर पर जिला पूर्ति अधिकारी पूरन, अमित दिवाकर, शादाब खां, सुबोध अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *