खेलों की चमक से गुलज़ार हुआ स्टेडियम, तीसरे दिन बास्केटबॉल, फुटबॉल और भारोत्तोलन में खिलाड़ियों ने दिखाया दम

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित चार दिवसीय जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं के तीसरे दिन खिलाड़ियों का उत्साह और जोश चरम पर दिखाई दिया। खेल निदेशालय लखनऊ के तत्वाधान में जिला खेल कार्यालय मुजफ्फरनगर द्वारा आयोजित इन प्रतियोगिताओं में सोमवार को बास्केटबॉल, फुटबॉल, भारोत्तोलन और एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं का शानदार आयोजन किया गया, जिसमें जिले भर से आए बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने पूरे जोश और उमंग के साथ भाग लिया।
जिला स्तरीय जूनियर बालक-बालिका प्रतियोगिता का शुभारंभ श्रीमती प्रीति भारद्वाज (सचिव, जिला भारोत्तोलन खेल संघ), श्री संजीव बालियान (सचिव, जिला एथलेटिक्स खेल संघ) और वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ी रोशन लाल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। प्रतियोगिता के दौरान स्टेडियम का माहौल खेल भावना और उत्साह से सराबोर रहा, जहां खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों और अतिथियों की खूब तालियां बटोरीं।
प्रतियोगिता के समापन पर पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें जिला ओलंपिक खेल संघ के अध्यक्ष अशोक बालियान ने विजेता और प्रतिभागी खिलाड़ियों को सम्मानित किया। बास्केटबॉल में 52, भारोत्तोलन में 80, फुटबॉल में 34 और एथलेटिक्स में 72 खिलाड़ियों सहित कुल 238 खिलाड़ियों को ट्रैकसूट और खेल किट देकर प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, वरिष्ठ खिलाड़ियों और निर्णायकों को प्रभारी क्रीड़ा अधिकारी भूपेंद्र सिंह यादव तथा उप क्रीड़ा अधिकारी कुमारी पूनम बिश्नोई ने बुके, मोमेंटो और बैज लगाकर सम्मानित किया। प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन में अंशकालिक प्रशिक्षक प्रदीप कुमार, मनीष शर्मा, रवि सिंह, विकास सैनी, सुशील कुमार, हर्षित सैनी, अश्विनी पवार, अभय चौधरी, वैभव, अभिषेक चौधरी, प्रियांशु और यशपाल सिंह सहित अन्य खेल प्रशिक्षकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इसके अलावा बाल कल्याण समिति के सदस्य राजीव कुमार द्वारा भी प्रतियोगिता के आयोजन में सहयोग प्रदान किया गया। चार दिवसीय इस खेल आयोजन ने जिले के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन मंच दिया है और खेलों के प्रति युवाओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *