रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। मुज़फ़्फ़रनगर के बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र में ट्यूबवेल चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बेखौफ चोरों ने देर रात वैल्ली माजरा, बसी, अलीपुर अटेरना समेत चार गांवों में एक के बाद एक वारदात को अंजाम देते हुए कुल 13 ट्यूबवेलों से कीमती बिजली तार चोरी कर लिए। इन सिलसिलेवार चोरियों से किसानों को लाखों रुपये का सीधा आर्थिक नुकसान हुआ है, जबकि सिंचाई व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, अज्ञात चोर सुनियोजित तरीके से खेतों में घुसे और ट्यूबवेलों के पैनल उखाड़कर तार काट ले गए। किसान ज्ञान सिंह की ट्यूबवेल पर तो चोरों ने हद ही कर दी—मौके पर ही केबल जलाकर उसमें से कॉपर अलग किया और फरार हो गए। सुबह खेतों पर पहुंचे किसानों ने जली हुई केबल, टूटे पैनल और बंद पड़ी ट्यूबवेलें देखीं तो उनमें अफरा-तफरी मच गई।
इन घटनाओं से विक्रम, राजवीर, अनिल, ज्ञान सिंह, राजेंद्र, पुष्पेंद्र, नितिन, भूपेंद्र, रामपाल और धुमान सहित दर्जनों किसान प्रभावित हुए हैं। किसानों का कहना है कि ट्यूबवेल बंद होने से गेहूं व अन्य फसलों की सिंचाई रुक गई है, जिससे उत्पादन पर गंभीर असर पड़ने की आशंका है।
एक ही रात में चार अलग-अलग गांवों को निशाना बनाए जाने से ग्रामीणों को किसी संगठित चोर गिरोह के सक्रिय होने की आशंका है। किसानों का आरोप है कि पूर्व में भी ट्यूबवेल चोरी की कई शिकायतें दर्ज कराई गईं, लेकिन न तो पुलिस गश्त बढ़ी और न ही किसी बड़े गिरोह का खुलासा हो सका।
लगातार हो रही चोरियों से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। किसान नेता बीर सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पुलिस ने जल्द ही ट्यूबवेल चोरों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं की, तो किसान आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।
