गंदे पानी में उतरकर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, भोपा में जलभराव ने कराया सड़क पर धरना

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। भोपा थाना क्षेत्र से इस वक्त की बड़ी और बेहद गंभीर खबर सामने आ रही है।
सिकंदरपुर–सीकरी मार्ग पर वर्षों से चले आ रहे जलभराव से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा आखिरकार सोमवार को सड़कों पर फूट पड़ा।
हालात इतने बदतर हो चुके हैं कि ग्रामीणों ने गंदे और बदबूदार पानी में खड़े होकर धरना-प्रदर्शन किया और सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया।यह विरोध नहीं, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही के खिलाफ एक खुला सवाल है।
दरअसल भोपा थाना क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर–सीकरी मार्ग पर जलनिकासी की कोई ठोस व्यवस्था न होने के कारण सड़क पर लंबे समय से पानी भरा हुआ है।
गंदे पानी से पूरे इलाके में तेज बदबू फैल रही है और मच्छरों के पनपने से संक्रामक बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से रोजाना सैकड़ों लोग गुजरते हैं, लेकिन पानी भर जाने के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित हो चुका है।
स्कूल जाने वाले बच्चे, काम पर जाने वाले मजदूर, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे अधिक परेशान हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिला, समाधान नहीं।
आखिरकार मजबूर होकर ग्रामीणों ने गंदे पानी में उतरकर धरना दिया और सड़क जाम कर प्रशासन का ध्यान खींचने की कोशिश की।
धरना-प्रदर्शन के दौरान मार्ग बंद रहने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा और इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *