रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। बुढ़ाना विधानसभा क्षेत्र में आगामी 26 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रस्तावित तिरंगा यात्रा को लेकर माहौल गरमाने लगा है। भावी विधानसभा प्रत्याशी डॉ. सोनू कश्यप ने कस्बा बुढ़ाना और आसपास के गांवों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाते हुए लोगों से तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में शामिल होने का आह्वान किया। इस दौरान देशभक्ति का उत्साह और गणतंत्र दिवस की भावना साफ तौर पर देखने को मिली।
डॉ. सोनू कश्यप ने अपनी टीम के साथ बुढ़ाना विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में घर-घर जाकर लोगों से संवाद किया। उन्होंने प्रत्येक परिवार को तिरंगा झंडा भेंट किया और 26 जनवरी को आयोजित होने वाली तिरंगा यात्रा को ऐतिहासिक बनाने की अपील की। जनसंपर्क के दौरान ग्रामीणों में खासा उत्साह नजर आया और लोगों ने यात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लेने का भरोसा दिलाया।
डॉ. कश्यप ने बताया कि तिरंगा यात्रा का शुभारंभ बुढ़ाना के प्रसिद्ध चांदनी वाले मंदिर से किया जाएगा। यात्रा कस्बे के प्रमुख चौराहों और मार्गों से होती हुई पुनः चांदनी वाले मंदिर पर ही संपन्न होगी। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और संविधान के प्रति सम्मान का प्रतीक होगी।
जनसंपर्क अभियान के दौरान डॉ. विशाल कुमार पाल और डॉ. शेखर ठाकुर भी डॉ. सोनू कश्यप के साथ मौजूद रहे। टीम ने चंदेड़ी अटाली, महलजना, दताना समेत कई गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और अधिक से अधिक संख्या में तिरंगा यात्रा में शामिल होने की अपील की।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान दताना विजय आर्य, कंवरपाल कश्यप, सतनाम, कृष्णपाल कश्यप, बनवारी कश्यप, ठाकुर पिंटू सिंह, सुदेश कश्यप, अबरार, आजाद सहित अनेक गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही। जनसंपर्क अभियान के दौरान पूरे क्षेत्र में राष्ट्रभक्ति का माहौल और राजनीतिक सरगर्मी दोनों ही साफ दिखाई दी।
