रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ़्फ़रनगर। शहर में तेज़ और प्रभावी पुलिसिंग का एक और उदाहरण सामने आया है। आबकारी चौकी इंचार्ज शशि कपूर, कास्टेबल नवीन सैनी व उनकी पूरी टीम ने सतर्कता दिखाते हुए महज़ 15 मिनट के भीतर लापता हुई एक्टिवा को ढूंढ निकाला और उसके वास्तविक स्वामी को सुरक्षित सौंप दिया।
मामला आबकारी चौकी क्षेत्र का है, जहां एक व्यक्ति की एक्टिवा संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गई। वाहन स्वामी ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही आबकारी चौकी इंचार्ज शशि कपूर के नेतृत्व में कास्टेबल नवीन सैनी सहित पूरी टीम सक्रिय हुई और बिना समय गंवाए इलाके में सघन तलाश शुरू कर दी गई। संभावित मार्गों और आसपास के स्थानों पर पैनी नजर रखते हुए पुलिस टीम ने महज़ 15 मिनट में एक्टिवा बरामद कर ली।
पुलिस द्वारा आवश्यक जांच और पुष्टि के बाद एक्टिवा को उसके स्वामी के सुपुर्द कर दिया गया। वाहन मिलते ही पीड़ित ने राहत की सांस ली और आबकारी चौकी पुलिस की तत्परता व कार्यशैली की सराहना की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आबकारी चौकी पुलिस लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहकर छोटी से छोटी घटना पर भी तुरंत कार्रवाई कर रही है, जिससे आमजन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनता की सुरक्षा सर्वोपरि है और किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई आगे भी इसी तरह जारी रहेगी।
