रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद मुज़फ़्फ़रनगर के नगर कोतवाली क्षेत्र में सर्राफा कारोबार से जुड़ी एक बड़ी चोरी का पुलिस ने दो महीने बाद सनसनीखेज खुलासा किया है। सर्राफा व्यापारी के यहां काम करने वाला सेल्समैन ही लाखों की चांदी लेकर फरार हो गया था। आरोपी की तलाश में जुटी नगर कोतवाली पुलिस को आखिरकार बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 14 किलो 600 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
दरअसल मामला नगर कोतवाली क्षेत्र के एक प्रतिष्ठित सर्राफा व्यापारी से जुड़ा है, जहां सेल्समैन के तौर पर काम करने वाला चंद्रमणि शर्मा करीब दो महीने पहले व्यापारी की 18 किलो चांदी की ज्वेलरी लेकर फरार हो गया था। घटना के बाद व्यापारी की शिकायत पर नगर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया था। मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी चरथावल रोड क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर नगर कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी चंद्रमणि शर्मा को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 14 किलो 600 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है।
जांच में सामने आया कि आरोपी सर्राफा व्यापारी के यहां सेल्समैन के रूप में काम करता था और चांदी के आभूषणों की सप्लाई अन्य दुकानों पर करता था। इसी दौरान लालच ने उसे गुनाह की राह पर धकेल दिया और वह चांदी लेकर फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक शेष चांदी के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।
इस पूरे मामले में आबकारी पुलिस चौकी की टीम की अहम भूमिका रही। चौकी प्रभारी शशि कपूर के नेतृत्व में टीम ने आरोपी की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण योगदान दिया। नगर कोतवाली पुलिस की इस कार्रवाई को सर्राफा कारोबारियों ने भी राहत की खबर बताया है।
एसीपी सिद्धार्थ के. मिश्रा जानकारी देते हुए बताएं सर्राफा व्यापारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके कब्जे से 14.6 किलो चांदी के आभूषण बरामद हुए हैं। आगे की विधिक कार्रवाई कर आरोपी को जेल भेजा गया है।
