Headlines

मुजफ्फरनगर में किसान-मजदूर मोर्चा की ताकत का प्रदर्शन, सैकड़ों किसानों ने थामा संगठन का दामन, चौधरी रिफाकत अली बने पश्चिमी यूपी अध्यक्ष

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान मजदूर संयुक्त मोर्चा के नियाजूपरा स्थित प्रदेश कार्यालय पर शनिवार को संगठन की एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसने किसान राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी। बैठक का नेतृत्व राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी शाह आलम ने किया, जबकि अध्यक्षता महाराज जसवीर नाथ जी ने और संचालन चौधरी जफरियाब ने किया। इस बैठक में संगठन विस्तार के साथ-साथ किसानों और मजदूरों की जमीनी समस्याओं पर गंभीर मंथन हुआ।
बैठक में किसानों की बढ़ती परेशानियों, फसलों के उचित दाम न मिलने, लागत में लगातार इजाफा, सिंचाई, बिजली और अन्य बुनियादी मुद्दों को लेकर खुलकर चर्चा की गई। राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी शाह आलम ने कहा कि मौजूदा हालात में किसान और मजदूर सबसे अधिक उपेक्षित हैं, ऐसे में उन्हें संगठित होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना होगा। उन्होंने ऐलान किया कि आने वाले दिनों में संगठन गांव-गांव जाकर किसानों की समस्याएं सुनेगा और समाधान के लिए आंदोलन की रणनीति तय करेगा।

इस दौरान संगठन की बढ़ती लोकप्रियता साफ नजर आई, जब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों किसानों ने भारतीय किसान मजदूर संयुक्त मोर्चा की सदस्यता ग्रहण की। खास तौर पर बागपत जिले से आए किसानों की भागीदारी उल्लेखनीय रही। बागपत क्षेत्र के पूर्व प्रधान चौधरी रिफाकत अली अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ संगठन में शामिल हुए, जिससे मोर्चा और मजबूत हुआ।
बैठक में बड़ा संगठनात्मक फैसला लेते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी शाह आलम ने चौधरी रिफाकत अली को पश्चिमी उत्तर प्रदेश का अध्यक्ष नियुक्त करने की घोषणा की और उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपा। नियुक्ति के बाद चौधरी रिफाकत अली ने कहा कि जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है, उसे वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसानों, मजदूरों और शोषित वर्ग की आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा और संगठन की विचारधारा को जमीनी स्तर तक पहुंचाया जाएगा।
बैठक में मौजूद किसानों और कार्यकर्ताओं ने संगठन के प्रति अपनी एकजुटता जताते हुए कहा कि भारतीय किसान मजदूर संयुक्त मोर्चा ही वह मंच है, जो वास्तव में किसानों और मजदूरों के हितों की लड़ाई लड़ रहा है। कार्यक्रम के अंत में संगठन को और मजबूत करने तथा किसानों के हक की लड़ाई को तेज करने का सामूहिक संकल्प लिया गया।
इस महत्वपूर्ण बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष देवेंद्र अग्रवाल, राष्ट्रीय महासचिव इंतजार राणा, राष्ट्रीय मंत्री अमित कुमार, राष्ट्रीय संगठन मंत्री सालिम त्यागी, राष्ट्रीय महासचिव शौकत अंसारी, उत्तर प्रदेश अध्यक्ष हाजी इंतजार, उत्तर प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी जुल्फिकार, उत्तर प्रदेश सचिव गुफरान राणा, मंडल अध्यक्ष साजिद सैफी, मंडल उपाध्यक्ष चौधरी ताहिर, महिला प्रदेश अध्यक्ष सुदेश, महिला प्रदेश प्रभारी ललिता चौधरी, मुजफ्फरनगर जिला अध्यक्ष शहीद राजा, बागपत जिला अध्यक्ष मेहंदी हसन, युवा प्रदेश उपाध्यक्ष शोएब राणा सहित सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *