रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में कांग्रेस सेवा दल ने संगठनात्मक मोर्चे पर बड़ा दांव खेलते हुए पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपनी सक्रियता और मजबूती का खुला ऐलान किया है। पश्चिमी जोन के अध्यक्ष अनिल देव त्यागी ने संगठन विस्तार की घोषणा करते हुए स्पष्ट किया कि कांग्रेस सेवा दल केवल एक संगठन नहीं, बल्कि कांग्रेस की विचारधारा, संघर्ष और सेवा भावना की रीढ़ है, जो हर हाल में जनता के साथ खड़ी रहती है।
कार्यक्रम के दौरान अनिल देव त्यागी ने मुजफ्फरनगर में संगठन को नई धार देते हुए दो अहम जिम्मेदारियां सौंपीं। नौशाद अल्वी को कांग्रेस सेवा दल का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया, जबकि महिला विंग की कमान अफसाना अंसारी को सौंपी गई। उन्होंने कहा कि नई टीम पूरी निष्ठा, अनुशासन और ऊर्जा के साथ कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का काम करेगी और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करेगी।
अनिल देव त्यागी ने अपने संबोधन में कहा कि सेवा दल कांग्रेस का सबसे पुराना और अनुशासित अंग है, जिसने आज़ादी की लड़ाई से लेकर आज तक हर दौर में संघर्ष की भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि जिस तरह सेवा दल ने कभी अंग्रेजों के खिलाफ मोर्चा संभाला था, उसी तरह आज भ्रष्टाचार, महंगाई और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ लड़ाई लड़ी जाएगी।
कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं ने जोश और उत्साह के साथ नारेबाजी करते हुए सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश जताया। “पहले लड़े थे गोरों से, अब लड़ोगे चोरों से” जैसे नारों से माहौल गूंज उठा, जिससे संगठन में नई ऊर्जा और धार दिखाई दी। कार्यकर्ताओं ने आने वाले समय में गांव-गांव, कस्बे-कस्बे जाकर जनता को कांग्रेस की नीतियों से जोड़ने का संकल्प लिया।
नवनियुक्त जिला अध्यक्ष नौशाद अल्वी और महिला विंग अध्यक्ष अफसाना अंसारी ने भरोसा दिलाया कि वे संगठन को मजबूती देने के साथ-साथ महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सेवा दल जनहित के मुद्दों पर सड़क से लेकर प्रशासन तक संघर्ष करेगा और जनता के हक की लड़ाई पूरी ताकत से लड़ेगा।
कार्यक्रम के समापन पर कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने और कांग्रेस को फिर से सत्ता में लाने का संकल्प दोहराया। मुजफ्फरनगर से उठी यह संगठनात्मक पहल पश्चिमी यूपी की राजनीति में नए सियासी संकेत दे रही है।
