राष्ट्रीय अध्यक्ष नाजिम बाजी के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब, एकता–संघर्ष का दिया संदेश
रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। बहुजन एकता संघर्ष समिति के स्थापना दिवस पर आयोजित भव्य समारोह सामाजिक एकता और संघर्ष की ताकत का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया। कार्यक्रम उस समय ऐतिहासिक बन गया, जब राष्ट्रीय किन्नर संघ की राष्ट्रीय अध्यक्ष नाजिम बाजी मुख्य अतिथि के रूप में मंच पर पहुंचीं। हजारों की संख्या में मौजूद लोगों ने फूल-मालाओं, तालियों और गगनभेदी नारों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया और आशीर्वाद लिया।
समारोह में समाज के विभिन्न वर्गों से आए लोग, सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी और युवाओं की भारी मौजूदगी ने यह साफ कर दिया कि बहुजन और किन्नर समाज की आवाज अब और बुलंद हो चुकी है। नाजिम बाजी की मौजूदगी मात्र से ही कार्यक्रम स्थल पर ऊर्जा, विश्वास और संघर्ष का माहौल नजर आया।

इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष नाजिम बाजी ने सभी विशिष्ट अतिथियों को कैलेंडर और पुस्तक भेंट कर सामाजिक चेतना का संदेश दिया। विशेष रूप से उनके नाम पर लिखी गई यह पुस्तक संघर्ष, आत्मसम्मान और सामाजिक जागरूकता की प्रतीक बताई गई, जिसे आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत माना जा रहा है।
अपने संबोधन में नाजिम बाजी ने कहा कि विपिन कैमरी राष्ट्रीय किन्नर संघ के युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और वह उनके साथ हमेशा मजबूती से खड़ी रहेंगी। उन्होंने कहा कि युवा नेतृत्व ही समाज को नई दिशा देता है और विपिन कैमरी पूरी ईमानदारी से इस दिशा में काम कर रहे हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि बहुजन समाज, किन्नर समाज और शोषित वर्गों की लड़ाई किसी एक संगठन की नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा लड़ाई है, जिसमें एकता ही सबसे बड़ा हथियार है।
वहीं राष्ट्रीय अध्यक्ष विपिन कैमरी ने अपने ओजस्वी भाषण में कहा कि वह समाज के लिए हमेशा खड़े रहेंगे और किन्नर समाज की लड़ाई पूरी ताकत से लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि नाजिम बाजी ने जो भरोसा उन पर जताया है, उस पर वह हर हाल में खरा उतरेंगे। उनका लक्ष्य पद नहीं, बल्कि समाज को सम्मान, अधिकार और न्याय दिलाना है।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने बहुजन एकता, सामाजिक न्याय, किन्नर समाज के अधिकार, शिक्षा और सम्मान जैसे मुद्दों पर विस्तार से विचार रखे। पूरे समारोह में “एकता”, “संघर्ष” और “सम्मान” की गूंज सुनाई देती रही। स्थापना दिवस समारोह ने यह संदेश साफ कर दिया कि बहुजन एकता संघर्ष समिति और राष्ट्रीय किन्नर संघ मिलकर सामाजिक बदलाव की लड़ाई को और तेज करेंगे।
समारोह का समापन सामूहिक संकल्प के साथ हुआ कि समाज के हर दबे-कुचले वर्ग को न्याय दिलाने तक यह संघर्ष जारी रहेगा। नाजिम बाजी की उपस्थिति और उनके शब्दों ने हजारों लोगों के मन में नई उम्मीद और नया हौसला भर दिया।
