Headlines

कैंटर लूट का सनसनीखेज खुलासा, मीरापुर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद 3 शातिर दबोचे, 410 कट्टे माल समेत दो कैंटर बरामद

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद की मीरापुर पुलिस ने महज कुछ दिनों के भीतर कैंटर लूट की सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया कैंटर, वारदात में इस्तेमाल किया गया दूसरा कैंटर, 410 कट्टे वालपुट्टी समेत अवैध हथियार भी बरामद किए हैं।
बताया गया कि 26 मार्च 2026 को मीरापुर थाना क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने एक कैंटर को लूट लिया था, जिसमें भारी मात्रा में वालपुट्टी लदी हुई थी। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीमों का गठन किया गया और बदमाशों की तलाश तेज कर दी गई।
शुक्रवार को भुम्मा पुलिस चौकी के पास चेकिंग के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध कैंटर आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने जैसे ही वाहन को रोकने का इशारा किया, उसमें सवार बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी और भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों बदमाशों को दबोच लिया। इस दौरान पुलिस टीम बाल-बाल बची।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मरगूब पुत्र युनूस निवासी ललियाना थाना किठौर मेरठ, रागिब पुत्र खुर्शीद निवासी नई बस्ती मवाना रोड मेरठ (हाल निवासी सैफी कॉलोनी सिम्भावली, हापुड़) और जुबैर पुत्र गफ्फार निवासी ललियाना थाना किठौर मेरठ के रूप में हुई है।
पुलिस ने इनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, जिंदा और खोखा कारतूस, एक चाकू, लूटा गया आयशर कैंटर और वारदात में इस्तेमाल किया गया दूसरा कैंटर बरामद किया है। दोनों वाहनों में 410 कट्टे वालपुट्टी लदी हुई मिली, जिसे सुरक्षित कब्जे में ले लिया गया है।
थाना मीरापुर पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं और इनके आपराधिक इतिहास की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस टीम की इस कार्रवाई को जनपद में बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।
इस पूरी कार्रवाई को थाना प्रभारी राजीव शर्मा के नेतृत्व में अंजाम दिया गया, जिसमें उपनिरीक्षकों और पुलिसकर्मियों की टीम ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर इस गैंग के अन्य सदस्यों और संभावित वारदातों का खुलासा करने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *