Headlines

महिला थाना में एसएसपी का औचक निरीक्षण, खामियों पर सख्त तेवर और सुधार के सख्त निर्देश

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने शुक्रवार को महिला थाना का औचक निरीक्षण कर पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। अचानक पहुंचे एसएसपी ने थाने की व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा और कई बिंदुओं पर सख्त रुख अपनाते हुए सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय, कंप्यूटर कक्ष, आगन्तुक कक्ष, महिला हेल्प डेस्क, हवालात, बैरक और मालखाना का गहन निरीक्षण किया गया। अभिलेखों के रख-रखाव की स्थिति देखते हुए एसएसपी ने अपराध रजिस्टरों को अद्यतन रखने और लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कंप्यूटर कक्ष में ऑनलाइन सेवाओं और सीसीटीएनएस प्रणाली की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी डाटा एंट्री बिना त्रुटि और निर्धारित समय सीमा में पूरी की जाए। महिला हेल्प डेस्क पर विशेष ध्यान देते हुए उन्होंने महिला संबंधित मामलों में संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई पर जोर दिया, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके।
आगन्तुक कक्ष में आने वाले फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर प्राथमिकता के आधार पर उनके समाधान के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही बैरक और थाना परिसर की साफ-सफाई, अनुशासन और ड्यूटी प्रबंधन की समीक्षा करते हुए कमियों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने कहा कि पुलिसिंग में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनहित सर्वोपरि होना चाहिए। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। औचक निरीक्षण से थाना स्टाफ में हलचल बनी रही और साफ संदेश गया कि अब कार्य में ढिलाई की कोई गुंजाइश नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *