रिपोर्ट – शिवांश कुमार

जालौन। जालौन में जिलाधिकारी के स्पष्ट निर्देशों के अनुपालन में कड़ाके की ठंड एवं शीतलहर को देखते हुए उपजिलाधिकारी मनोज कुमार सिंह ने आधी रात कालपी नगर क्षेत्र में संचालित रैन बसेरे का रात्रिकालीन औचक निरीक्षण किया, निरीक्षण का उद्देश्य ठंड से बचाव हेतु शासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत का आकलन करना तथा निराश्रित, असहाय एवं बेसहारा लोगों को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराना था।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी ने रैन बसेरे में ठहरे लोगों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने ठहरने की व्यवस्था, बिस्तर, कंबल, अलाव, साफ-सफाई, शौचालय, पेयजल, विद्युत प्रकाश एवं सुरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। मौके पर मौजूद कर्मचारियों को निर्देशित किया गया कि रैन बसेरे में किसी भी प्रकार की कमी न रहे और सभी मूलभूत सुविधाएं निरंतर उपलब्ध कराई जाएं।
वही एसडीएम ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि ठंड के इस भीषण मौसम में कोई भी व्यक्ति खुले आसमान के नीचे सोने को मजबूर न हो। उन्होंने नगर पालिका एवं संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि रात में नियमित गश्त कर जरूरतमंद लोगों को रैन बसेरे तक पहुंचाया जाए तथा अतिरिक्त कंबलों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान यह भी निर्देश दिया गया कि रैन बसेरे में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति का विधिवत पंजीकरण किया जाए, जिससे उनकी संख्या एवं आवश्यकताओं का सही आकलन हो सके। लापरवाही या उदासीनता पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
