चार महीने की लगातार मेहनत, 171 खोए मोबाइल लौटे—सर्विलांस सेल की बड़ी कामयाबी

Spread the love


रिपोर्ट – कबीर


मुज़फ्फरनगर। मुजफ्फरनगर पुलिस ने एक बार फिर यह दिखा दिया है कि अगर मंशा साफ हो और तकनीक का सही इस्तेमाल किया जाए, तो आमजन को बड़ी राहत मिल सकती है। जिले की सर्विलांस सेल ने बीते चार महीनों के दौरान एक ऐसा काम कर दिखाया है, जिसकी हर तरफ सराहना हो रही है। जनपद मुजफ्फरनगर में खोए हुए कुल 171 स्मार्ट मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 32 लाख रुपये है, उन्हें बिहार, राजस्थान, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के अन्य जनपदों से ट्रेस कर बरामद किया गया है।
आज इन सभी मोबाइल फोनों को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपा। नववर्ष से पहले अपने खोए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। यह सिर्फ मोबाइल की वापसी नहीं थी, बल्कि पुलिस और जनता के बीच भरोसे की वापसी भी थी।


वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में जनपद में गुमशुदा और खोए हुए मोबाइल फोनों की बरामदगी के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सर्विलांस सेल की टीम ने भारत सरकार के CEIR पोर्टल और आधुनिक सर्विलांस तकनीक की मदद से मोबाइल फोनों की ट्रेसिंग की। जांच में सामने आया कि ये मोबाइल अलग–अलग राज्यों में उपयोग किए जा रहे थे। लगातार तकनीकी निगरानी और मेहनत के बाद पुलिस ने एक–एक कर कुल 171 स्मार्ट मोबाइल फोन बरामद किए।
आज पुलिस लाइन परिसर में इन मोबाइलों को उनके असली मालिकों को सौंपा गया। मोबाइल पाकर लोगों ने खुशी जाहिर की और मुजफ्फरनगर पुलिस का आभार व्यक्त किया। इस कार्रवाई से आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है, वहीं सर्विलांस सेल की इस जनसेवात्मक पहल की चारों ओर प्रशंसा हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *