रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। थाना नई मंडी पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 5000 रुपये के इनामी और लंबे समय से फरार चल रहे शातिर अभियुक्त को अवैध शस्त्र सहित गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश गया है।
थाना प्रभारी बृजेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान यह गिरफ्तारी की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक वांछित अभियुक्त दपुर पुलिया से धंधेड़ा की ओर जाने वाले रास्ते पर मौजूद है। सूचना पर तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर अभियुक्त को दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अमरजीत पुत्र रामकिशन निवासी मखियाली (हाल निवासी अमित विहार, कूकड़ा) के रूप में हुई है, जिसकी उम्र करीब 48 वर्ष बताई जा रही है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध चाकू बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार आरोपी वर्ष 2002 में दर्ज हत्या के प्रयास (धारा 307) और आर्म्स एक्ट के मामलों में लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 5000 रुपये का इनाम घोषित था। आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें आर्म्स एक्ट, फरारी और अन्य धाराएं शामिल हैं।
पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत नया मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस सफल गिरफ्तारी में प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार शर्मा के साथ उपनिरीक्षक गनेश शर्मा व अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।

