रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े 12 लाख रुपये की कथित चोरी का मामला पुलिस जांच में पूरी तरह फर्जी निकला। महज चार घंटे के भीतर थाना सिविल लाइन पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए रकम घर के अंदर से ही बरामद कर ली, जिससे कथित चोरी की कहानी पर सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 08 अप्रैल 2026 को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि मोहम्मद चांद पुत्र अफलातून निवासी मल्लूपुरा के घर में दिनदहाड़े 12 लाख रुपये चोरी हो गए हैं। सूचना मिलते ही थाना सिविल लाइन पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए गहन जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को प्रथम दृष्टया चोरी के कोई साक्ष्य नहीं मिले, जिसके बाद टीम ने घर के अंदर ही सघन तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान पूरी रकम घर के भीतर से ही बरामद हो गई। इसके बाद स्पष्ट हो गया कि चोरी की घटना पूरी तरह असत्य और भ्रामक थी।
थाना प्रभारी आशुतोष कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम के साथ साकेत चौकी प्रभारी रेशम पाल की सक्रिय भूमिका रही। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज चार घंटे में पूरे प्रकरण का पर्दाफाश कर दिया। इस कार्रवाई से न केवल एक फर्जी सूचना का खुलासा हुआ, बल्कि पुलिस की तत्परता भी सामने आई।
फिलहाल पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है और झूठी सूचना देने के पीछे के कारणों की भी जांच की जा रही है।

