रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। थाना भोपा क्षेत्र के ग्राम सीकरी और मौजा योगेन्द्रनगर सीकरी के दर्जनों ग्रामीणों ने सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर गांव के मौजूदा प्रधान राजेन्द्र पुत्र राजपाल के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि प्रधान राजेन्द्र लंबे समय से अपराधी प्रवृत्ति का व्यक्ति है, जिसके कारण गांव में भय व आतंक का माहौल व्याप्त है।
ग्रामीणों ने अपने प्रार्थना-पत्र में बताया कि प्रधान राजेन्द्र पिछले कई वर्षों से लगातार विवादों और अपराधों में घिरा रहा है। उसके खिलाफ अलग-अलग समय पर कई मुकदमे दर्ज होने की बात कही गई है, जिनमें मारपीट, धमकी, चोरी, अवैध कब्जा, सरकारी कार्य में बाधा और आम लोगों को आतंकित करने जैसे आरोप शामिल हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वह कुख्यात बदमाश जमशेद पुत्र इशरत के गिरोह से जुड़ा हुआ है और उसी के दम पर गांव में दबंगई दिखाता है।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार, गांव में कोई भी व्यक्ति उसके खिलाफ खुलकर आवाज उठाने की हिम्मत नहीं करता, क्योंकि वह विरोध करने वालों को खुली धमकियां देता है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि प्रधान ने पिछले वर्षों में गांव में अपने प्रभाव और दहशत के बल पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है, जिसके स्रोत की जांच आवश्यक है। उनका कहना है कि पुलिस रिकॉर्ड में कई मामलों के दर्ज होने के बावजूद आज तक उसकी गिरफ्तारी न होना कई सवाल खड़े करता है।
ग्रामीणों ने एसएसपी से मांग की है कि प्रधान राजेन्द्र पुत्र राजपाल की तत्काल गिरफ्तारी की जाए, उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में कार्यवाही शुरू की जाए, थाना भोपा पर उसकी हिस्ट्रीशीट खोली जाए, और उसकी संपत्तियों की व्यापक जांच कराई जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो वे सामूहिक रूप से आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
प्रार्थना-पत्र देने वालों में सोम सिंह, सलेकचन्द, ब्रजपाल, इरफान अली, वकार, मौ० गुलाम, लोकपाल, राजन सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर प्रशासन से गांव में शांति बहाल करने और प्रधान के आतंक से मुक्ति दिलाने की मांग की।
