रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। बिजली विभाग में चल रहे कथित भ्रष्टाचार, स्मार्ट मीटर घोटाले और उपभोक्ताओं से अवैध वसूली के खिलाफ भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) का धरना तीसरे दिन भी जारी रहा। मुजफ्फरनगर के 66 केवी बिजलीघर पर बड़ी संख्या में किसान जुटे रहे और विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
जिला अध्यक्ष अक्षय त्यागी ने कहा कि जब तक बिजली विभाग उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान नहीं करता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। वहीं युवा महानगर अध्यक्ष वसीम खान ने बताया कि किसान दिन-रात डटे हुए हैं और किसी भी तरह के दबाव में आने वाले नहीं हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर विभाग ने जल्द सुनवाई नहीं की, तो आंदोलन को जिले से प्रदेश स्तर तक फैलाया जाएगा।
धरना स्थल पर किसानों का उत्साह लगातार बना हुआ है और रात में भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद हैं। यूनियन पदाधिकारियों ने साफ कहा कि यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक उपभोक्ताओं को न्याय नहीं मिलता।
