व्यापारियों की समस्याओं पर डीएम सख्त, अफसरों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने व्यापारियों से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला व्यापार बंधु की बैठक रविवार को जिलाधिकारी कैंप सभागार में आयोजित हुई, जिसमें व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने विभिन्न मुद्दे उठाए।
बैठक में जिलाधिकारी ने आगामी बरसात के मौसम को देखते हुए शहर के ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने नगर पालिका अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाबद्ध ढंग से सर्वे कर जलभराव वाले स्थानों को चिन्हित किया जाए और समय रहते स्थायी समाधान कराया जाए।
डीएम ने नालों के निर्माण, सफाई और मरम्मत कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के आदेश दिए। मंडी समिति से जुड़ी समस्याओं के निस्तारण के लिए मंडी सचिव को भी आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में व्यापारी संगठनों के पदाधिकारियों ने बाजारों में सफाई, जलनिकासी, सड़क मरम्मत और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दे रखे, जिन पर जिलाधिकारी ने कई समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण कराया। उन्होंने व्यापारियों से भी शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाए रखने में सहयोग की अपील की।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर, उपायुक्त प्रशासन राज्य कर शोभित श्रीवास्तव समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *