रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए शाहपुर पुलिस ने “ऑपरेशन सवेरा” अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने धनायन रोड स्थित सोरम रजवाहे की पुलिया के पास घेराबंदी कर चार अवैध मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 3.802 किलोग्राम चरस बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 70 से 80 लाख रुपये आंकी गई है।
थानाध्यक्ष गजेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम रात संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सोरम गांव की ओर से चार युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने टॉर्च की रोशनी डालकर रुकने का इशारा किया तो सभी सकपका गए और पीछे मुड़कर भागने का प्रयास करने लगे। इस पर पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर चारों को दबोच लिया। तलाशी में भारी मात्रा में चरस बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आसिफ पुत्र दिलशाद उर्फ काला निवासी परासौली थाना बुढाना, रिजवान पुत्र बाबू निवासी परासौली, शाहनवाज पुत्र तौसीम निवासी परासौली तथा नसरुद्दीन उर्फ सोनू पुत्र शरीफ निवासी बलई थाना मोतीपुर जनपद बहराइच के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांव-गांव घूमकर राह चलते लोगों को ऊंचे दामों पर चरस बेचते थे और अवैध कमाई करते थे। पुलिस अब इनके फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाल रही है, साथ ही आपराधिक इतिहास भी जुटाया जा रहा है।
इस संबंध में थाना शाहपुर पर मु0अ0सं0 102/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
उधर, इस सराहनीय कार्रवाई पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने शाहपुर पुलिस टीम को 15 हजार रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया है। जिले में पुलिस की इस कार्रवाई से नशा कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

