होमगार्ड भर्ती परीक्षा पर कड़ी नजर, एसएसपी ने केंद्रों का किया औचक निरीक्षण

Spread the love

सुरक्षा, सीसीटीवी और यातायात व्यवस्था परखते हुए दिए सख्त निर्देश

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। शनिवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा इंतजामों की हकीकत परखी और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को मुस्तैदी के साथ जिम्मेदारी निभाने के निर्देश दिए।
जनपद में 25, 26 और 27 अप्रैल को प्रतिदिन दो पालियों में 17 परीक्षा केंद्रों पर भर्ती परीक्षा आयोजित की जा रही है। दूसरे दिन शनिवार को एसएसपी ने कई केंद्रों पर पहुंचकर सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था, प्रवेश द्वारों की चेकिंग, परीक्षार्थियों की सुरक्षा, यातायात संचालन और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया।


निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ किसी भी हालत में एकत्र न होने दी जाए। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष नजर रखी जाए तथा यातायात व्यवस्था इस तरह बनाए रखी जाए कि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
एसएसपी ने कहा कि भर्ती परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी तरह की गड़बड़ी, अव्यवस्था या नकल की कोशिश पर तत्काल कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मुजफ्फरनगर पुलिस ने परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा घेरा तैयार किया है। संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और पूरी प्रक्रिया पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन की सख्ती से परीक्षार्थियों और अभिभावकों में भरोसा दिखाई दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *