रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना साइबर क्राइम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कमीशन पर म्यूल बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपियों के खातों से पिछले तीन माह में 80 लाख रुपये से अधिक का लेनदेन हुआ है।
गृह मंत्रालय भारत सरकार के ऑनलाइन पोर्टल “प्रतिबिम्ब” पर मुजफ्फरनगर से फर्जी कॉल कर साइबर ठगी किए जाने की शिकायतें मिली थीं। इसके बाद थाना साइबर क्राइम पुलिस ने जांच शुरू की तो धोखाधड़ी में इस्तेमाल किए गए कई बैंक खाते जिले से जुड़े मिले। इसी आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई आगे बढ़ाई गई।
पुलिस ने पहले इस मामले में मुख्य आरोपी मयूर अफजल राणा समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। बुधवार को जांच आगे बढ़ाते हुए दो और आरोपियों तालिब निवासी रामपुरम कोतवाली नगर तथा अरमान निवासी अम्बा विहार खालापार को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका संपर्क मुख्य आरोपी मयूर अफजल राणा से हुआ था। उसने यूएसडीटी ट्रेडिंग के नाम पर बैंक खातों की जरूरत बताई और पांच प्रतिशत कमीशन का लालच दिया। इसके बाद आरोपी अपने खाते साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराने लगे। खातों में आने वाली ठगी की रकम को चेक और एटीएम से निकालकर कमीशन काटने के बाद बाकी रकम मुख्य आरोपी को सौंप देते थे।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से जुड़े बैंक खातों के खिलाफ विभिन्न राज्यों से 18 करोड़ रुपये से अधिक की साइबर ठगी से संबंधित 30 शिकायतें दर्ज हैं। अब अन्य खातों और नेटवर्क की जांच भी तेज कर दी गई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ और थाना प्रभारी सुल्तान सिंह के नेतृत्व में की गई। जिले में साइबर ठगों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है।

