विश्व पृथ्वी दिवस पर गूंजा संदेश: “हमारी शक्ति, हमारा ग्रह”, बच्चों ने चित्रों से जगाई पर्यावरण चेतना

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। विश्व पृथ्वी दिवस 2026 के अवसर पर “हमारी शक्ति, हमारा ग्रह” थीम के साथ होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज में पर्यावरण संरक्षण को समर्पित भव्य जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने चित्रकला प्रतियोगिता के माध्यम से धरती बचाने का संदेश दिया, वहीं पौधारोपण, प्लास्टिक मुक्त जीवन और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम का आयोजन डॉ. राजीव कुमार के निर्देशन में विद्यालय अध्यक्ष प्रवेन्द्र दहिया की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस दौरान “माता भूमि: पुत्रो अहं पृथिव्या:” मंत्र के साथ सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों ने पृथ्वी को हरा-भरा, स्वच्छ और सुरक्षित बनाने की शपथ ली।


विद्यार्थियों को पेड़-पौधे लगाने, जल और बिजली की बचत करने, सिंगल यूज़ प्लास्टिक का बहिष्कार करने तथा स्वच्छता अपनाने की शपथ दिलाई गई। साथ ही यह संकल्प भी कराया गया कि वे स्वयं जागरूक रहेंगे और समाज को भी पर्यावरण बचाने के लिए प्रेरित करेंगे।
चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी कल्पनाओं को रंगों के माध्यम से धरती बचाने के संदेश में बदल दिया। प्रतियोगिता में कक्षा 6 की अनन्या, आराध्या, तानिया शर्मा, आरव, शौर्य, विधि व सदफ, कक्षा 4 की आयूषी, कक्षा 5 की शिदरा, प्रज्ञा व समद, कक्षा 7 के समद तथा कक्षा 8 की खुशी व साहिल ने आकर्षक और प्रेरणादायक चित्र बनाकर सभी का मन मोह लिया।
विद्यालय स्टाफ में श्रीमती सुरेखा, धीरज बालियान, शुभम शुक्रलिया और नितिन की कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका रही।
विश्व पृथ्वी दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम बच्चों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी जगाने के साथ समाज को भी बड़ा संदेश दे गया कि धरती सुरक्षित रहेगी, तभी भविष्य सुरक्षित रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *