रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। मुज़फ्फरनगर में ब्लैकमेलिंग और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस बार पीड़ित युवक की पत्नी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि एक महिला उसके पति से लाखों रुपये ऐंठ चुकी है और अब भी लगातार धमकियां देकर रुपये मांग रही है।
मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के रामपुरी मोहल्ले का है, जहां पीड़ित युवक की पत्नी ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। तहरीर में दावा किया गया है कि करीब छह माह पहले एक महिला उनके पति के संपर्क में आई और इसके बाद पैसों की मांग का सिलसिला शुरू हो गया।
पत्नी का आरोप है कि उक्त महिला अब तक करीब साढ़े चार लाख रुपये उनके पति से ले चुकी है। अब पांच लाख रुपये और मांगे जा रहे हैं। रकम न देने पर पति को बलात्कार के झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी दी जा रही है।
तहरीर में यह भी दावा किया गया है कि आरोपी महिला लगातार मोबाइल मैसेज भेजकर परिवार पर दबाव बना रही है, जिससे घर का माहौल तनावपूर्ण हो गया है। पीड़िता पत्नी का कहना है कि उनका परिवार मानसिक तनाव में है और जान-माल का खतरा महसूस कर रहा है।
पत्नी ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की जाए और उनके परिवार को सुरक्षा दी जाए। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं कि आरोपों में कितनी सच्चाई सामने आती है।

