तहसील नवाबगंज में डीएम की अध्यक्षता में आयोजित हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस

Spread the love

चकमार्ग पर अतिक्रमण की शिकायत पर संबंधित राजस्व कर्मियों की तय होगी जिम्मेदारी – डीएम

डीएम के निर्देश पर खतौनी दुरुस्त कर आवेदक को तत्काल कराया गया हस्तगत

सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनपद स्तर पर 56 शिकायतों का हुआ तत्काल निस्तारण

रिपोर्ट – सन्दीप वर्मा

बाराबंकी। बाराबंकी में जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से तहसील नवाबगंज में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय की उपस्थिति में किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने न केवल फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना, बल्कि प्रत्येक शिकायत में सम्बन्धित अधिकारी को बुलाकर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देशित किया कि चकमार्ग एवं सरकारी रास्तों पर अतिक्रमण की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसी शिकायतों में संबंधित राजस्व कर्मियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी तथा लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

समाधान दिवस के दौरान मुख्तार अली पुत्र महमूद ग्राम नसीरपुर द्वारा खतौनी में आवेदक का नाम मोहम्मद मुख्तार के स्थान पर मुख्तार अली कराए जाने के संबंध में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया। जिलाधिकारी के निर्देश पर संबंधित अधिकारियों द्वारा कम्प्यूटरीकृत खतौनी को तत्काल दुरुस्त कर आवेदक को हस्तगत कराया गया।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि विवाद, सरकारी रास्ते/चकमार्ग, राशन कार्ड, पेंशन, आवास एवं अन्य जनसामान्य से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त रखना प्रशासन की प्रमुख जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

जनपद में समस्त तहसीलों में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के अन्तर्गत विभिन्न संदर्भों से संबंधित कुल 351 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। जिसमें से मौके पर 56 शिकायतों का तत्काल निस्तारण कराया गया।

तहसील नवाबगंज में संपूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न मामलों के 110 प्रार्थना प्राप्त हुए जिसमें से आज 25 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण मौके पर किया गया शेष प्रार्थना पत्रों के समय से व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।

इसी प्रकार तहसील राम सनेहीघाट में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें राजस्व विभाग एवं तहसील स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहें। सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 55 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिसमें से 05 शिकायतों का तत्काल निस्तारण कराया गया।

इसी क्रम में तहसील सिरौलीगौसपुर में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें कुल 13 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुये। सम्पूर्ण समाधान दिवस में 04 प्रकरणों का तत्काल निस्तारण कराया गया।

तहसील रामनगर में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें विभिन्न संदर्भों से संबंधित कुल 64 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। सम्पूर्ण समाधान दिवस मे 08 शिकायतों का तत्काल निस्तारण कराया गया।

इसी क्रम में तहसील फतेहपुर में अपर जिलाधिकारी (वि/रा) निरंकार सिंह की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 45 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए सम्पूर्ण समाधान दिवस में 08 शिकायतों का तत्काल मौके पर निस्तारण कराया गया।

इसी प्रकार तहसील हैदरगढ़ में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 64 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए सम्पूर्ण समाधान दिवस में 06 शिकायत का तत्काल मौके पर निस्तारण कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *