जिलाधिकारी ने बिलासपुर मण्डी में स्थापित गेहूं खरीद केन्द्रों का किया औचक निरीक्षण

Spread the love

किसानों के लिए पेयजल व बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश

मंडी बिलासपुर में व्यवस्थाओं का जायजा, किसानों की समस्याएं सुनीं

जनपद में 114 गेहूं क्रय केन्द्र संचालित, 15 और होंगे स्थापित

फार्मर आईडी न होने पर केन्द्र पर ही बनाने के निर्देश

रिपोर्ट – शारिक खान

रामपुर। जनपद में गेहूं खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी, सुचारू एवं किसान हितैषी बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस के पश्चात नवीन मंडी बिलासपुर में स्थापित विभिन्न गेहूं क्रय केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बारदाना की उपलब्धता, तौल व्यवस्था, खरीद प्रक्रिया तथा कृषकों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने मण्डी में आ रहे गेहॅू की गुणवत्ता को परखा तथा मण्डी में स्थापित क्रय केन्द्रों की व्यवस्था सही पाई गई जिलाधिकारी ने जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी श्री प्रिंस चौधरी को निर्देशित किया कि जिन कृषकों की फार्मर आईडी नहीं बनी है, उनकी फार्मर आईडी क्रय केन्द्र पर ही तत्काल बनवाना सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा उन्हें अपनी फसल साफ-सुथरी अवस्था में मंडी में लाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्रय केन्द्रों पर कृषकों के लिए शुद्ध पेयजल एवं बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इस दौरान जिलाधिकारी ने नवीन मंडी परिसर में संचालित गेहूं क्रय केन्द्रों की संख्या के संबंध में जानकारी प्राप्त की। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी ने बताया कि नवीन मंडी परिसर बिलासपुर में 11 गेहूं क्रय केन्द्र स्थापित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त जनपद स्तर पर वर्तमान में 114 गेहूं क्रय केन्द्र संचालित हैं तथा 15 नए क्रय केन्द्र और स्थापित किए जा रहे हैं। सभी क्रय केन्द्रों पर पर्याप्त मात्रा में बारदाना उपलब्ध है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गेहूं खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखते हुए किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या न होने दी जाए और सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित की जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *