रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर/सिसौली। भारतीय किसान यूनियन की मासिक पंचायत शुक्रवार को सिसौली में आयोजित हुई, जिसमें किसानों के ज्वलंत मुद्दों पर जमकर मंथन हुआ। पंचायत को संबोधित करते हुए भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने गेहूं खरीद व्यवस्था, बिजली संकट, सिंचाई की किल्लत, स्मार्ट मीटर और खाद की कमी जैसे मुद्दों पर सरकार को कठघरे में खड़ा किया।
चौधरी राकेश टिकैत ने कहा कि प्रदेश में गेहूं खरीद व्यवस्था किसानों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। खरीद केंद्रों पर अव्यवस्था और देरी से किसान परेशान हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की गई है।
उन्होंने कहा कि गांवों में बिजली ट्रांसफार्मर खराब पड़े हैं, सिंचाई के लिए किसान पानी को तरस रहा है और ऊपर से स्मार्ट मीटर थोपकर किसानों पर नया बोझ डाला जा रहा है। खाद की कमी ने भी किसानों की चिंता बढ़ा दी है। टिकैत ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो किसान बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
पंचायत में पश्चिम प्रदेश अध्यक्ष बिजेंद्र सिंह, राष्ट्रीय महासचिव ओमपाल मलिक, बुढियान खाप के चौधरी बाबा सत्यवीर सिंह, बाबूराम तोमर, प्रदेश उपाध्यक्ष गुड्डू प्रधान, प्रदेश मुख्य सचिव, मेरठ मंडल अध्यक्ष दिनेश खेड़ा, पश्चिम प्रदेश उपाध्यक्ष रामवीर यादव, जिलाध्यक्ष मुजफ्फरनगर चौधरी नवीन राठी समेत कई जिलों के पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन जिला मीडिया प्रभारी हेमेंद्र कुमार ने किया। पंचायत के अंत में किसानों ने एकजुट होकर संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया।

