मदीना कॉलोनी में ‘खूनी खेल’: विवाहिता ने मायके पक्ष संग ससुराल पर बोला धावा, जेठ का गला रेतने का आरोप

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर (मदीना कॉलोनी)। थाना सिविल लाइंस क्षेत्र की मदीना कॉलोनी में घरेलू विवाद ने शनिवार को हिंसक रूप ले लिया, जब एक विवाहिता ने अपने मायके पक्ष के लोगों के साथ मिलकर ससुराल में घुसकर कथित तौर पर हमला बोल दिया। आरोप है कि हमले के दौरान विवाहिता ने अपने भाइयों के उकसावे में आकर जेठ की गर्दन पर उस्तरे से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पीड़ित परिवार ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
पीड़ित रईस पुत्र इस्लामुद्दीन ने मीडिया सेंटर पहुंचकर बताया कि उनके बेटे अरशद का निकाह वर्ष 2023 में आसमा के साथ हुआ था। उनका आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही पारिवारिक कलह शुरू हो गई थी, जो धीरे-धीरे बढ़ती चली गई। मामला इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच विवाद अदालत तक पहुंच गया और पिछले करीब डेढ़ साल से आसमा अपने मायके में रह रही है।
रईस के अनुसार, 28 मार्च की दोपहर करीब तीन बजे घर में सईदा, अरशद, शाहरूख और बुजुर्ग मीना मौजूद थे। इसी दौरान आसमा अपने भाइयों शौकीन, आबाद, शाहरूख और कई अन्य लोगों के साथ वहां पहुंची। आरोप है कि सभी हमलावर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से लैस थे।
जैसे ही घर का दरवाजा खुला, हमलावरों ने शोर मचाते हुए भीतर घुसकर मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर शाहरूख को निशाना बनाया गया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इसी दौरान आसमा ने उस्तरे से शाहरूख की गर्दन पर कई वार कर दिए, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। शोर-शराबा सुनकर पहुंचे मोहल्ले के लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर हालात को काबू में किया।
पीड़ित परिवार का यह भी आरोप है कि जाते समय हमलावरों ने धमकी दी कि उनकी पहुंच ऊंचे स्तर तक है और वे पूरे परिवार को झूठे मुकदमों में फंसा देंगे। घटना के बाद से परिवार दहशत में है और खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।
मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान घायल शाहरूख, ग़य्यूर, मोहम्मद वकील और साजिद समेत परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। सभी ने प्रशासन से मांग की कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और उन्हें सुरक्षा प्रदान की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *