रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। पुलिस महकमे में मंगलवार को उस समय भावुक माहौल देखने को मिला, जब पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत के स्थानांतरण पर रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। उन्हें जनपद मुजफ्फरनगर से स्थानांतरित कर पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी के पद पर नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने प्रजापत को फूल-मालाएं पहनाकर, स्मृति चिन्ह व पुष्पगुच्छ भेंट करते हुए उनके कार्यकाल की सराहना की। उन्होंने कहा कि सत्यनारायण प्रजापत ने अपने कार्यकाल में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ जनता के बीच पुलिस की सकारात्मक छवि स्थापित करने में अहम भूमिका निभाई। उनकी कार्यशैली और अनुशासन विभाग के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल, पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे, पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, जिला कारागार अधीक्षक अभिषेक चौधरी समेत जनपद के तमाम पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर भावभीनी विदाई दी।
वक्ताओं ने कहा कि प्रजापत का सहज व्यवहार, टीम भावना और कार्य के प्रति समर्पण हमेशा याद रखा जाएगा। वहीं, अपने संबोधन में सत्यनारायण प्रजापत ने मुजफ्फरनगर में मिले सहयोग के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यहां का अनुभव उनके करियर की महत्वपूर्ण पूंजी रहेगा।

