रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। मेरठ के जवालागढ़ में सोनू कश्यप की जघन्य और अमानवीय हत्या को लेकर राजनीतिक हलचल तेज होती जा रही है। दिनांक 14 जनवरी 2025 को कांग्रेस हाईकमान के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सतपाल कटारिया के नेतृत्व में कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल पीड़ित सोनू कश्यप के निवास पर पहुंचा और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। नेताओं ने परिवार के दुःख-दर्द को गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी इस हत्याकांड में दोषियों को सख्त सजा दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।
कांग्रेस नेताओं ने इस हत्याकांड को मानवता को शर्मसार करने वाली घटना बताते हुए कहा कि ठाकुर समाज के कुछ लोगों द्वारा सोनू कश्यप को जिंदा जलाकर की गई निर्मम हत्या ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। यह घटना सिर्फ एक युवक की हत्या नहीं, बल्कि सामाजिक सौहार्द, कानून-व्यवस्था और संविधान पर सीधा हमला है। कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार को अकेला नहीं छोड़ेगी और न्याय की इस लड़ाई को सड़क से लेकर सदन तक पूरी ताकत से लड़ा जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल के नेतृत्व कर रहे जिला कांग्रेस अध्यक्ष सतपाल कटारिया ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जब तक सोनू कश्यप के परिजनों को इंसाफ नहीं मिल जाता, तब तक कांग्रेस चैन से नहीं बैठेगी। उन्होंने प्रशासन से मामले में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग करते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की आवश्यकता पर जोर दिया।
कांग्रेस ने यह भी घोषणा की कि 15 जनवरी 2025 को लगभग सुबह 11 बजे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय स्वयं सोनू कश्यप के परिजनों से मुलाकात करेंगे और उन्हें न्याय दिलाने की लड़ाई में पार्टी की पूर्ण प्रतिबद्धता दोहराएंगे। इस मुलाकात को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है।
प्रतिनिधिमंडल में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सतपाल कटारिया के साथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री दीपक कुमार, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अकील राणा और एडवोकेट असजद अली शामिल रहे। सभी नेताओं ने एक स्वर में कहा कि सोनू कश्यप की हत्या का मामला कांग्रेस के लिए सिर्फ एक राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि इंसाफ और इंसानियत की लड़ाई है, जिसे हर हाल में अंजाम तक पहुंचाया जाएगा।
