Headlines

किला मोहल्ले पहुँची आज़ाद समाज पार्टी, पीड़ित परिवार के साथ खड़े होने का दिया मजबूत संदेश

Spread the love

रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ़्फ़रनगर। बुधवार को आज़ाद समाज पार्टी (का) के महानगर अध्यक्ष मेराज जहां के नेतृत्व में पार्टी की पूरी महानगर टीम किला मोहल्ले में पहुँची, जहां हालिया घटना से आहत पीड़ित भाई और उसके परिवार से मुलाकात की गई। इस दौरान माहौल भावुक रहा। पीड़ित परिवार ने अपनी पीड़ा, डर और सामाजिक दबाव को खुलकर पार्टी पदाधिकारियों के सामने रखा, जिसे गंभीरता से सुना गया।
मेराज जहां ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि अन्याय और अत्याचार के खिलाफ आज़ाद समाज पार्टी और भीम आर्मी का पूरा संगठन सड़क से लेकर प्रशासनिक स्तर तक पीड़ितों के साथ खड़ा है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह सिर्फ औपचारिक मुलाकात नहीं है, बल्कि न्याय की लड़ाई में संगठन की सक्रिय भागीदारी का संकल्प है।
उन्होंने कहा कि यदि पीड़ित परिवार के साथ किसी भी स्तर पर अन्याय हुआ है, तो उसकी लड़ाई मजबूती से लड़ी जाएगी। जरूरत पड़ी तो संगठन उच्च अधिकारियों से लेकर जन आंदोलन तक का रास्ता अपनाएगा। मेराज जहां ने भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और हर संभव कानूनी, सामाजिक और संगठनात्मक मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
मुलाकात के दौरान आज़ाद समाज पार्टी की महानगर टीम के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर पीड़ित परिवार को यह संदेश दिया कि डरने की जरूरत नहीं है, संगठन उनके साथ है। इस मौके पर मोहल्ले के कई लोग भी जुट गए, जिन्होंने कहा कि ऐसे संवेदनशील समय में किसी राजनीतिक संगठन का पीड़ित के दरवाज़े तक पहुँचना साहस और भरोसे का कारण बनता है।
किला मोहल्ले में इस मुलाकात को लेकर दिनभर चर्चा बनी रही। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की पहल से न सिर्फ पीड़ित परिवार को संबल मिलता है, बल्कि समाज में यह संदेश भी जाता है कि अन्याय के खिलाफ आवाज़ उठाने वाले अभी खामोश नहीं हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *