रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ़्फ़रनगर। कांग्रेस ने केंद्र सरकार की एजेंसियों के कथित दुरुपयोग और भाजपा की नीतियों के विरोध में ‘हल्ला बोल’ का ऐलान करते हुए भाजपा मुख्यालय के घेराव की घोषणा की। कांग्रेस जिला अध्यक्ष सतपाल कटियार के नेतृत्व में कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय की ओर कूच करने वाले थे, लेकिन पुलिस ने पहले ही मोर्चा संभालते हुए नई मंडी थाना क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रास्ते में रोक लिया। इसके बाद सभी कार्यकर्ताओं को हाउस अरेस्ट कर लिया गया।
घेराव की अनुमति न मिलने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मौके पर ही जोरदार नारेबाजी करते हुए धरना शुरू कर दिया। ईडी और भाजपा के खिलाफ नारे लगाए गए और केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं के दुरुपयोग का आरोप लगाया गया। कुछ देर चले धरना-प्रदर्शन के बाद प्रशासनिक समझाइश के बीच प्रदर्शन समाप्त कराया गया।
इस दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष सतपाल कटियार ने कहा कि ईडी और भाजपा जिस तरह से सत्ता का दुरुपयोग कर रही हैं, उसका कांग्रेस करारा जवाब देगी। उन्होंने कहा कि तानाशाही रवैया किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कांग्रेस इस अन्याय के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
वहीं, प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज चौधरी ने कहा कि सत्ता के नशे में जिन नेताओं पर पहले आरोप लगाए गए थे, आज वे आरोप हकीकत की बुनियाद पर साबित होते दिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की लड़ाई सत्य और सत्ता के बीच की है, और यह संघर्ष आगे भी पूरी ताकत के साथ जारी रहेगा।
कुल मिलाकर, भाजपा कार्यालय के घेराव से पहले ही कांग्रेस के इस प्रदर्शन ने शहर का सियासी माहौल गरमा दिया, जहां भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हालात नियंत्रित रहे, लेकिन विरोध की धार और तेज नजर आई।
प्रदर्शन करने वालो में आकिल राणा, असजद एडवोकेट, राजीव राठी व अनिल चौधरी समेत सैकड़ो कार्यकर्ता शामिल रहे
