रिपोर्ट – कबीर

खतौली। नगर के वार्ड नंबर 1 देविदास मोहल्ला पिछले कई दिनों से टूटी हुई पेयजल पाइपलाइन के कारण भारी परेशानी झेल रहा है। लगातार पानी बहने से गलियों में गंदगी और जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे लोगों का निकलना भी मुश्किल हो गया है।
मोहल्लेवासियों ने बताया कि इस समस्या की कई बार शिकायत नगर पालिका परिषद खतौली में की गई, लेकिन कई दिन बीत जाने के बावजूद न तो कोई कर्मचारी मौके पर पहुंचा और न ही मरम्मत का कार्य शुरू हुआ। स्थानीय लोग इसे नगर पालिका की लापरवाही बता रहे हैं।
निवासी मोबिन, ताहिर, रईस, अनस, सलीम, तौसीफ, आरिफ, शाहनवाज़, राशिद और नदीम आदि ने बताया कि अब स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि सीवर का पानी घरों में घुसने लगा है और पीने के लिए साफ पानी की भारी किल्लत हो गई है।
लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पाइपलाइन की मरम्मत कर जलापूर्ति बहाल नहीं की गई, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से तुरंत कार्रवाई कर राहत दिलाने की मांग की है।
