रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियों को परखना शुरू कर दिया है। सोमवार को सहारनपुर मंडल के आयुक्त रूपेश कुमार ने जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के साथ तीर्थनगरी शुक्रताल पहुंचकर मेला व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने गंगा घाटों से लेकर मेला क्षेत्र तक सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने गंगा घाटों पर स्नान की व्यवस्था, श्रद्धालुओं के आवागमन, पार्किंग, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को परखा। घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए किए गए इंतजामों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि स्नान के दौरान किसी भी स्तर पर अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
भीड़भाड़ वाले स्थानों पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर
एसएसपी सूरज कुमार राय ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को मेला क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। प्रमुख मार्गों, प्रवेश और निकास द्वारों, गंगा घाटों तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया। भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के साथ संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर भी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
आपात स्थिति से निपटने को अलर्ट रहने के निर्देश
अधिकारियों ने मेला ड्यूटी में तैनात पुलिस और प्रशासनिक कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने की हिदायत दी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन सक्रिय रखने और सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार करने और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश भी दिए गए। प्रशासन का जोर मेले में सुरक्षा के साथ श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर है।

