रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। कोतवाली नगर पुलिस ने मोबाइल चोरी की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए चार आरोपियों और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी और लूट के कुल 12 मोबाइल फोन, दो अवैध चाकू तथा वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद मोबाइल में वह फोन भी शामिल है, जिसकी चोरी के मामले में पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी।
पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर को कोतवाली नगर पुलिस जगदीश पांचाल वाली गली के अंदर मार्केट में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर चार आरोपियों और एक बाल अपचारी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी का मोबाइल फोन मिला। इसके अलावा पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी और लूट के अन्य मोबाइल भी बरामद किए। कुल 12 मोबाइल फोन मिलने से पुलिस ने मोबाइल चोरी की कई घटनाओं से जुड़े अहम सुराग मिलने का दावा किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान क्रिष पुत्र देवेंद्र चौधरी निवासी शामली स्टैंड चौकी क्षेत्र, कन्हैया पाल पुत्र नीटू निवासी आनंदपुरी, विक्की उर्फ गोलू पुत्र बिट्टू निवासी रामपुरी और राजन पुत्र अमरपाल सिंह निवासी रामपुरी के रूप में हुई है। इनके साथ एक बाल अपचारी को भी पकड़ा गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ओप्पो, एमआई, सैमसंग, मोटोरोला और वीवो कंपनी के स्मार्टफोन के अलावा लावा और जेन कंपनी के दो की-पैड मोबाइल बरामद किए हैं। इनमें दो अवैध चाकू और चोरी की घटना में इस्तेमाल की गई यूपी-12-सीबी-6631 नंबर की मोटरसाइकिल भी शामिल है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोतवाली नगर में मुकदमा अपराध संख्या 502/2026 धारा 303(2), 317(2) बीएनएस तथा मुकदमा अपराध संख्या 503/2026 धारा 4/25 आयुध अधिनियम और 317(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में उपनिरीक्षक सोनू कुमार, उपनिरीक्षक राजेश शर्मा, कांस्टेबल अकरम मंसूरी, आदित्य भारती, विनीत कुमार, अंकित कुमार और जतिन कुमार शामिल रहे।

