रिपोर्ट – मोहम्मद नसीम
बाराबंकी। शहर स्थित पुलिस लाइन प्रांगण में शुक्रवार को दो दिवसीय जनपद स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। इसके उपरांत रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़कर प्रतियोगिता का आगाज किया। इस अवसर पर जनपद के सभी 15 विकासखंडों से आए नन्हे-मुन्ने बच्चों ने सलामी मंच से आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिवादन किया और अपनी अनुशासित प्रस्तुति से समां बांध दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कंपोजिट विद्यालय बड़ेल के बच्चों द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुआ। वहीं, यूपीएस कुरौली के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का मन मोह लिया।
खेलों से होता है बच्चों का सर्वांगीण विकास : जिलाधिकारी
जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने प्रतिभागी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ग्रामीण अंचलों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। बेसिक शिक्षा विभाग के बच्चे खेलकूद एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा और क्षमता का शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि खेलों में टीम भावना, अनुशासन और आपसी समन्वय का विशेष महत्व है। सभी प्रतिभागियों को निर्धारित नियमों का पालन करते हुए खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करना चाहिए। खेल के दौरान कभी-कभी विवाद अथवा असहमति की स्थिति उत्पन्न हो सकती है, लेकिन खेल समाप्त होने के बाद सभी को आपसी सौहार्द और एकजुटता बनाए रखनी चाहिए।
उन्होंने बच्चों को मोबाइल एवं टीवी गेम की बढ़ती लत से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि आजकल छोटे बच्चों का काफी समय मोबाइल और टेलीविजन पर व्यतीत हो रहा है। बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए खुले मैदान में खेलना और खेल गतिविधियों में भाग लेना बेहद आवश्यक है।
बीएसए ने प्रस्तुत की प्रतियोगिता की रूपरेखा
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक ने प्रतियोगिता की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए प्रतिभागी बच्चों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों को पूरी ऊर्जा, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
प्रतियोगिता के अंतर्गत विभिन्न खेल स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। उच्च प्राथमिक स्तर बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में निंदूरा की आराध्या प्रथम तथा हरख की सलोनी द्वितीय रहीं। 200 मीटर दौड़ में फतेहपुर की आसिया बानो ने प्रथम और बनीकोडर की आस्था ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। खो-खो में सिरौली गौसपुर विजेता तथा निंदूरा उपविजेता रहा। चक्रक्षेपण में हरख की एकता प्रथम और सिरौली गौसपुर की अलशिफा द्वितीय रहीं। गोला फेंक में देवा की आराधना ने प्रथम तथा सिरौली गौसपुर की सलोनी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। जूडो के 20 किग्रा भार वर्ग में फतेहपुर की नाजिया तथा 25 से 30 किग्रा भार वर्ग में फतेहपुर की अनुष्का विजेता रहीं। 30 से 35 किग्रा भार वर्ग में पूरेडलई एवं 44 किलो में निन्दूरा की मानवी ने प्रथम स्थान हासिल किया। वॉलीबॉल में सिद्धौर विजेता तथा देवा उपविजेता रहा।
उच्च प्राथमिक स्तर बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में पूरेडलई के शादाब प्रथम और देवा के अंकुर द्वितीय रहे। 200 मीटर दौड़ में दरियाबाद के सत्यदेव ने प्रथम तथा पूरेडलई के शादाब ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कुश्ती के 35 किग्रा भार वर्ग में पूरेडलई के अरुण विजेता तथा फतेहपुर के सिद्धार्थ उपविजेता रहे। 38 किग्रा में फतेहपुर के मुकीम विजेता और निंदूरा के तौफीक उपविजेता रहे। 44 किग्रा में फतेहपुर के अजीत कुमार विजेता बने। 48 किग्रा में सिद्धौर के रामजी विजेता तथा पूरेडलई के शुभम उपविजेता रहे। वॉलीबॉल में सिद्धौर विजेता और बनीकोडर उपविजेता रहा।
जूडो के 25 किग्रा भार वर्ग में फतेहपुर के हिमांशु विजेता तथा पूरेडलई के अरुण उपविजेता रहे। 30 से 35 किग्रा में फतेहपुर के सिद्धार्थ विजेता और निंदूरा के पीयूष उपविजेता बने। 35 से 40 किग्रा में निंदूरा के तौफीक विजेता तथा फतेहपुर के अजीत उपविजेता रहे। 40 से 45 किग्रा भार वर्ग में फतेहपुर विजेता रहा। पीटी एवं विशेष प्रदर्शन में हरख विजेता और दरियाबाद उपविजेता रहा। चक्रक्षेपण में पूरेडलई के शादाब ने प्रथम तथा गोला फेंक में देवा के अंकुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
उच्च प्राथमिक बालिका वर्ग खो-खो प्रतियोगिता में सिरौलीगौसपुर विजेता और निंदूरा उपविजेता रहा।
प्राथमिक स्तर की स्पर्धाओं में भी बच्चों ने दिखाया उत्साह
प्राथमिक स्तर बालक वर्ग की 200 मीटर दौड़ में सूरतगंज के सचिन प्रथम, 100 मीटर दौड़ में पूरेडलई के सत्यानाम प्रथम तथा 50 मीटर दौड़ में सिरौलीगौसपुर के राज प्रथम और हरख के तौहीद द्वितीय रहे। कबड्डी में सूरतगंज विजेता तथा सिद्धौर उपविजेता रहा। लंबी कूद में पूरेडलई के सत्यानाम ने प्रथम और फतेहपुर के शुभम कुमार ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
प्राथमिक स्तर बालिका वर्ग की 200 मीटर दौड़ में पूरेडलई की अंशिका प्रथम और हरख की डिंपल द्वितीय रहीं। 100 मीटर दौड़ में अंशिका ने प्रथम तथा सूरतगंज की राखी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। 50 मीटर दौड़ में सूरतगंज की राखी प्रथम और सिरौलीगौसपुर की दिव्या द्वितीय रहीं। कबड्डी में सूरतगंज विजेता तथा सिद्धौर उपविजेता रहा। लंबी कूद में सिरौलीगौसपुर की कुसुम प्रथम और हरख की इस्फा द्वितीय रहीं।
बड़ी संख्या में शिक्षक एवं अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम का मंच संचालन राजेंद्र त्रिपाठी, रुद्र प्रताप पांडेय, महिमा सिंह और प्रदीप श्रीवास्तव ने किया। इस मौके पर खंड शिक्षा अधिकारी मनीराम वर्मा, अंबिका प्रसाद ओझा, संजय राय, उपेंद्र सिंह, जितेंद्र बहादुर चौधरी,जिला व्यायाम शिक्षक अनिल सिंह, व्यायाम शिक्षिका रितु पाठक,शिक्षक संगठन के प्रतिनिधि डॉ देवेन्द्र कुमार द्विवेदी ,डॉ. राकेश सिंह, अभिषेक सिंह, पवन कुमार वर्मा, डॉ. आशुतोष वर्मा, धर्मेंद्र वर्मा, अशोक सिंह, उमानाथ मिश्रा, रमेश चंद्र श्रीवास्तव, ऋषि टंडन, दिलीप तिवारी, मनोज चौधरी , दिवाकर अवस्थी , संजीव चौधरी , मृगांक शेखर मिश्रा, बलराज वर्मा , आनंद पांडेय , लवलेश सिंह , उमेश यादव , शशि सिंह ,अरविंद सिंह , श्याम किशोर बाजपेई,पंकज वर्मा,अभिषेक तिवारी, डॉ. राकेश यादव, जय कुमार, राजेश श्रीवास्तव, वेद प्रकाश श्रीवास्तव , फिरोज अहमद, पवन सिंह,सुरेंद्र जायसवाल सहित बड़ी संख्या में शिक्षक शिक्षिकाएं मौजूद रहे।

