रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। मंसूरपुर थाना क्षेत्र के गांव जड़ौदा में बंद मकानों को निशाना बनाकर नकबजनी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, 66 हजार 300 रुपये की नकदी और दो अवैध तमंचे व चार कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हुई दो बड़ी चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है।
एसपी देहात रूपाली राय चौधरी के निर्देशन और मंसूरपुर थाना प्रभारी विपिन कुमार त्यागी के नेतृत्व में पुलिस ने चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए तीन टीमों का गठन किया था। पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 को गांव जड़ौदा निवासी राधेश्याम के बंद मकान में चोरी हुई थी। इसके बाद नौ नवंबर को इसी गांव के सनीश के बंद मकान को चोरों ने निशाना बनाया। दोनों घटनाओं में अज्ञात चोर घरों में नकब लगाकर नकदी और जेवरात चोरी कर ले गए थे। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए थे।
दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीमें चोरों की तलाश में जुटी थीं। इसी क्रम में 12 और 13 नवंबर की रात पुलिस जड़ौदा से बेरी जाने वाले रास्ते पर चेकिंग कर रही थी। सुलेमान की ट्यूबवेल के सामने मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर पांच संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से चोरी की नकदी और आभूषण बरामद हुए। पुलिस को आरोपियों के पास से दो अवैध तमंचे .315 बोर और चार जिंदा कारतूस भी मिले।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जीशान पुत्र तैय्यब, विशु उर्फ पाली पुत्र चंद्रपाल, चांद पुत्र सहेंद्र, रवि पुत्र रविंद्र और गौरव पुत्र अशोक निवासी गांव जड़ौदा थाना मंसूरपुर के रूप में हुई है। सभी आरोपियों की उम्र करीब 19 से 22 वर्ष बताई गई है।
जेवरात की लंबी सूची बरामद
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से 66,300 रुपये नकद के अलावा छह जोड़ी पाजेब, एक अंगूठी, दो मंगलसूत्र, सोने जैसी पीली धातु की टूटी चेन, एक जोड़ी कुंडल, ओम का लॉकेट, कानों के छल्ले, बालियां और अन्य आभूषण बरामद किए गए। इसके अलावा सफेद धातु की दो अहोई, बिछुए, बच्चों के कड़े, तीन गले की चेन, दो अंगूठियां, ढोलना, सात जोड़ी चुटकी और बच्चों का एक ब्रेसलेट भी बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में जीशान और विशु उर्फ पाली के खिलाफ पहले भी आयुध अधिनियम समेत मुकदमे दर्ज हैं। चांद, रवि और गौरव के नाम भी इन दोनों नकबजनी के मुकदमों में सामने आए हैं। पुलिस आरोपियों के खिलाफ अवैध हथियार बरामदगी के मामले में भी कार्रवाई कर रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी विपिन कुमार त्यागी, उपनिरीक्षक किशन सिंह, शिखर चौधरी समेत थाने के पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और बरामदगी के संबंध में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

