दीपावली अमावस्या मेले में चित्रकूट को मिलेगी भव्य ड्रोन शो की सौगात, 8 नवंबर को रात 8 बजे रामघाट पर होगा ऐतिहासिक आयोजन
रिपोर्ट – ओमप्रकाश
चित्रकूट। धर्मनगरी चित्रकूट में दीपावली अमावस्या मेले को यादगार बनाने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष तैयारी की है। इस बार श्रद्धालुओं को रामघाट पर पहली बार भव्य ड्रोन शो देखने को मिलेगा। आसमान में एक साथ 500 ड्रोन के जरिए भगवान श्रीराम के वनवास काल, पावन चित्रकूट धाम और रामचरितमानस की धार्मिक गाथाओं को जीवंत रूप में प्रदर्शित किया जाएगा। 8 नवंबर को रात 8 बजे होने वाले इस आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में खासा आकर्षण रहने की उम्मीद है।
चित्रकूट जिला प्रशासन की ओर से आयोजित इस विशेष कार्यक्रम को श्री चित्रकूटधाम तीर्थ विकास परिषद द्वारा संपन्न कराया जाएगा। ड्रोन शो में 500 आधुनिक ड्रोन आसमान में आकर्षक आकृतियां बनाते हुए भगवान श्रीराम के वनवास काल और चित्रकूट की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता को प्रदर्शित करेंगे।
दीपावली अमावस्या मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और तीर्थ यात्रियों के लिए यह आयोजन विशेष आकर्षण का केंद्र बनने जा रहा है।
धर्म, आस्था और आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम 8 नवंबर की रात चित्रकूट के रामघाट पर देखने को मिलेगा। अब श्रद्धालुओं को इंतजार है उस ऐतिहासिक पल का, जब 500 ड्रोन की रोशनी से चित्रकूट का आसमान जगमगाएगा।
