रिपोर्ट – ओमप्रकाश
चित्रकूट। चित्रकूट में जिलाधिकारी के निर्देश पर मिशन शक्ति अभियान के तहत पवित्र रामघाट में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान माँ मंदाकिनी नदी और घाट से फूल-माला सहित अन्य पूजन सामग्री हटाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से रामघाट की पवित्रता बनाए रखने की अपील की। स्वच्छता अभियान में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) एवं प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय डॉ. कंचन, अधिशासी अधिकारी राजकिशोर प्रसाद सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। इस दौरान श्रद्धालुओं को बताया गया कि रामघाट पर तेल, साबुन और शैम्पू का प्रयोग प्रतिबंधित है।
अपर जिलाधिकारी डॉ. कंचन ने स्वच्छता अभियान में महिलाओं की सहभागिता पर जोर देते हुए कहा कि माँ मंदाकिनी नदी और रामघाट को स्वच्छ रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों से धार्मिक स्थल की स्वच्छता एवं गरिमा बनाए रखने की अपील की।
