रिपोर्टर : कबीर
लोकेशन : मुजफ्फरनगर
विश्व युवा कौशल दिवस-2026 के अवसर पर राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) मुजफ्फरनगर एवं उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को एक दिवसीय बृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में विभिन्न निजी कंपनियों ने प्रतिभाग किया, जहां बड़ी संख्या में युवाओं ने रोजगार के अवसरों के लिए भाग लिया।
450 से अधिक युवाओं ने लिया हिस्सा
राजकीय आईटीआई परिसर में आयोजित रोजगार मेले में 12 प्रतिष्ठित निजी कंपनियों ने भाग लिया। मेले में 450 से अधिक अभ्यर्थियों ने रोजगार के लिए आवेदन किया। साक्षात्कार और चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 143 अभ्यर्थियों का विभिन्न कंपनियों में चयन किया गया।
जनप्रतिनिधियों ने किया शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल और मुख्य विकास अधिकारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि युवाओं को कौशल आधारित प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के रोजगार मेले प्रशिक्षित युवाओं और उद्योग जगत के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहे हैं।
कंपनियों ने लिए साक्षात्कार
मेले में शामिल कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लेकर उनकी योग्यता और कौशल के आधार पर चयन किया। युवाओं को रोजगार के विभिन्न अवसरों की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम का संचालन बाल कल्याण समिति के सदस्य डॉ. राजीव कुमार ने किया।
भविष्य में भी होंगे रोजगार मेले
समापन अवसर पर जिला समन्वयक (कौशल विकास मिशन) एवं नोडल प्रधानाचार्य राजकीय आईटीआई मुजफ्फरनगर मुकेश प्रताप सिंह ने सभी प्रतिभागी कंपनियों, अधिकारियों और अभ्यर्थियों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि जनपद के अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने तथा उनके कौशल विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भविष्य में भी ऐसे रोजगार मेलों का आयोजन निरंतर किया जाएगा।
