रिपोर्ट: कबीर
स्थान: मुजफ्फरनगर
आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुचारु और दुर्घटनामुक्त संपन्न कराने के लिए मुजफ्फरनगर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन ने कांवड़ यात्रा मार्ग के साथ सिखेड़ा गंगनहर पुल और जौली गंगनहर पुल का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान गंगनहर के बढ़े हुए जलस्तर को देखते हुए अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। एसपी सिटी ने कहा कि कांवड़ियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और श्रद्धालुओं को केवल निर्धारित एवं सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करने दिया जाए।
उन्होंने गंगनहर किनारे अनावश्यक आवाजाही रोकने, संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा लगातार निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से तैयार रखने को कहा।
एसपी सिटी ने कांवड़ मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता, अनुशासन एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी नई मंडी राजू कुमार साव, पुलिस उपाधीक्षक नरेंद्र यादव, प्रभारी कांवड़ सेल रवेंद्र यादव सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
