बांदा | संवाददाता शुभम सिंह
बांदा में पुलिस का खौफ खत्म होता नजर आ रहा है। जिले के कोतवाली नगर क्षेत्र के रेउना गांव में एक युवक द्वारा रायफल से सरेआम हर्ष फायरिंग किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।बताया जा रहा है कि गांव में आयोजित एक मांगलिक कार्यक्रम के दौरान युवक ने हाथ में रायफल लेकर हवा में कई राउंड फायरिंग की। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।वीडियो में युवक खुलेआम रायफल लहराते हुए नजर आ रहा है। हर्ष फायरिंग के दौरान बड़ी दुर्घटना भी हो सकती थी, क्योंकि मौके पर काफी संख्या में लोग मौजूद थे। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसी लापरवाही से किसी की भी जान जा सकती थी।गौरतलब है कि पुलिस अधीक्षक द्वारा लगातार हर्ष फायरिंग पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए जाते रहे हैं, इसके बावजूद जिले में ऐसे मामले रुकने का नाम नहीं ले रहे हैं। वायरल वीडियो ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी युवक की पहचान करने में जुटी हुई है। मामले में सहायक पुलिस अधीक्षक मेविश टॉक ने कहा कि वीडियो की जांच कराई जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।अब सवाल यह है कि आखिर रसूख और दबंगई के दम पर कब तक कानून की धज्जियां उड़ती रहेंगी और पुलिस ऐसे मामलों पर कब प्रभावी रोक लगा पाएगी?
