Homeराष्ट्रीयअवैध कॉलोनियों पर चला बुलडोजर, 86 बीघा में फैली प्लॉटिंग ध्वस्त

अवैध कॉलोनियों पर चला बुलडोजर, 86 बीघा में फैली प्लॉटिंग ध्वस्त

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद में अवैध निर्माण और बिना स्वीकृति विकसित की जा रही कॉलोनियों पर मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण ने सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ा अभियान चलाया। मंगलवार को जोन-1 क्षेत्र में करीब 59,000 वर्ग मीटर (लगभग 86 बीघा) भूमि पर फैली अवैध प्लॉटिंग को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। इस कार्रवाई से अवैध कॉलोनियां विकसित करने वालों में हड़कंप मच गया।
प्राधिकरण से मिली जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई मंडलायुक्त सहारनपुर मंडल की प्रेरणा और उपाध्यक्ष प्रणता ऐश्वर्या के निर्देशों पर की गई। अभियान के तहत न्यू मंडी, जानसठ रोड स्थित मेट्रो कुर्सी गोदाम के पास रघुराज लाला द्वारा करीब 9,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में की गई अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया गया। इसके अलावा मेरठ बाईपास रोड स्थित शेरनगर क्षेत्र में सतीश कुमार, आसू, संजय उर्फ नीटू व चीकू द्वारा लगभग 50,000 वर्ग मीटर में बिना मानचित्र स्वीकृति कराए विकसित की जा रही कॉलोनी पर भी बुलडोजर चलाया गया।
बताया गया कि इन दोनों स्थानों पर अवैध निर्माण और प्लॉटिंग के खिलाफ पहले ही नोटिस जारी किए जा चुके थे। चालानी कार्रवाई के बाद ध्वस्तीकरण के आदेश भी दिए गए थे, लेकिन भू-स्वामियों ने अवैध निर्माण नहीं हटाया। इसके बाद प्राधिकरण ने सख्ती दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर पूरी कॉलोनी को जमींदोज कर दिया।
कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण के सहायक अभियंता, अवर अभियंता और पूरी टीम के साथ संबंधित थानों की पुलिस फोर्स भी मौजूद रही, जिससे पूरे अभियान को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया गया।
प्राधिकरण अधिकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि बिना स्वीकृति प्लॉटिंग या निर्माण करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments