रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। सोशल मीडिया पर अवैध हथियार के साथ फोटो और वीडियो वायरल करना एक युवक को भारी पड़ गया। थाना नई मंडी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को नाजायज तलवार समेत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया।
पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक युवक का तलवार के साथ वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था, जिससे कानून-व्यवस्था पर विपरीत प्रभाव पड़ने की आशंका जताई जा रही थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी निरीक्षक के निर्देशन में उपनिरीक्षक शुभम चौहान ने तत्काल जांच शुरू की और आरोपी की पहचान कर उसे धर दबोचा।
दोपहर करीब 2:10 बजे ए टू जेड रोड स्थित सहावली कट के पास से पुलिस टीम ने रिंकू पुत्र राम सजीवन, निवासी सैनिक विहार, थाना नई मंडी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध तलवार बरामद हुई।
इस संबंध में थाना नई मंडी पर मु0अ0सं0 143/26 धारा 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक शुभम चौहान, कांस्टेबल अभिषेक नागर और कांस्टेबल नरेश कुमार शामिल रहे।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

