रिपोर्ट – हरीश राज चक्रवर्ती
हमीरपुर। गौशालाओं की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने गुरुवार को सुमेरपुर क्षेत्र की स्वासा बुजुर्ग और छानी बुजुर्ग गौशालाओं का औचक निरीक्षण कर कहा कि गोवंशों की सुरक्षा, चारा-पानी और स्वच्छता में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी। मानकों पर खरी न उतरने वाली और सुधार की गुंजाइश न रखने वाली गौशालाओं को बंद कर गोवंशों को बेहतर आश्रय स्थलों में शिफ्ट किया जाएगा।

छानी बुजुर्ग गौशाला में करीब 116 गोवंश मिलने पर डीएम ने इसकी क्षमता बढ़ाकर 200 से अधिक गोवंश रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्याप्त स्थान और सुविधाएं सुनिश्चित कर अन्य गौशालाओं से भी गोवंश यहां शिफ्ट करने तथा प्रत्येक गोवंश की शत-प्रतिशत ईयर टैगिंग कराने के भी निर्देश दिए।
निरीक्षण में चरही, पेयजल, साफ-सफाई समेत अन्य व्यवस्थाओं की कमियां मिलने पर उन्हें तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। डीएम ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को जिले की सभी गौशालाओं की नियमित समीक्षा कर बेहतर व्यवस्थाओं वाली गौशालाओं में क्षमता के अनुरूप अधिक गोवंश रखने तथा मानकविहीन गौशालाओं को बंद करने की कार्रवाई करने को कहा।

डीएम ने गौशालाओं के रजिस्टरों की जांच कर गोवंशों की संख्या, मृत पशुओं का विवरण, सहभागिता योजना में दिए गए गोवंशों और मृत गोवंशों के निस्तारण की जानकारी ली। मृत गोवंशों का नियमानुसार निस्तारण और अभिलेख अद्यतन रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने केयरटेकरों को चेतावनी देते हुए कहा कि गोवंशों को समय से पर्याप्त चारा और स्वच्छ पानी मिले तथा परिसर में नियमित सफाई हो। छानी बुजुर्ग गौशाला की व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलने पर डीएम ने अधिकारियों-कर्मचारियों की सराहना की।
इस दौरान डीएम ने गौ-पूजन कर गोवंशों को माल्यार्पण किया और गुड़-केला खिलाया। इस मौके पर सीवीओ डॉ. भूपेंद्र सिंह, बीडीओ श्वेता त्रिपाठी, सूचना अधिकारी सतीश कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
