Homeउत्तर प्रदेशयुवा शक्ति नशे से दूर रहकर विकसित भारत के निर्माण में योगदान...

युवा शक्ति नशे से दूर रहकर विकसित भारत के निर्माण में योगदान दे : वीरपाल निर्वाल

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। सनातन धर्म डिग्री कॉलेज के सभागार में युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग के तत्वावधान में जनपद स्तरीय कल्चरल ट्रैक (युवा उत्सव) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला पंचायत प्रशासक डॉ. वीरपाल निर्वाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। उत्सव में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने संगीत, गायन, नाट्य मंचन और पेंटिंग के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं की कलात्मक प्रस्तुतियों ने युवाओं की रचनात्मक क्षमता और प्रतिभा को सामने रखा। विभिन्न विद्यालयों की शिक्षिकाओं और छात्राओं को संगीत, गायन एवं पेंटिंग के क्षेत्र में योगदान के लिए प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करने के साथ ही कला और संस्कृति के प्रति प्रोत्साहित करना रहा।

मुख्य अतिथि डॉ. वीरपाल निर्वाल ने अपने संबोधन में कहा कि युवा देश का भविष्य हैं। युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग सकारात्मक दिशा में होना चाहिए। उन्होंने युवाओं से नशे और अन्य व्यसनों से दूर रहने तथा अपने जीवन में अनुशासन, मेहनत और अच्छे संस्कारों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा अपनी क्षमता का सही उपयोग कर स्वयं का भविष्य संवारने के साथ विकसित भारत के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

उन्होंने युवाओं को शिक्षा, रचनात्मक गतिविधियों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा पहचानने, आत्मविश्वास बढ़ाने और अपनी कला को मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर देते हैं।

कार्यक्रम में संयोजक सन्नी वर्मा, डॉ. दिव्या बक्शी, डॉ. निशा चौहान, डॉ. प्रीतम सिंह, पूनम, शैली रंजन, डॉ. वंदना राय, भाजपा जिला उपाध्यक्ष शरद शर्मा और डॉ. राजीव कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments