एमएलसी अंगद सिंह एवं सीडीओ पंकज वर्मा ने वृद्धजनों से किया आत्मीय संवाद, सुविधाओं एवं समस्याओं की ली जानकारी
रिपोर्ट – संदीप वर्मा
बाराबंकी। बाराबंकी में सेवा संकल्प अभियान के दृष्टिगत समाज कल्याण विभाग द्वारा अनुदानित मातृ-पितृ सदन वृद्धाश्रम, ग्राम भुहेरा, तहसील नवाबगंज में विधान परिषद सदस्य अंगद सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी पंकज वर्मा द्वारा वृद्धाश्रम के संवासियों को फल वितरित किए गए तथा उनसे आत्मीय संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना गया।
इस अवसर पर एमएलसी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण, विशेषकर वृद्धजनों के सम्मान, सेवा एवं संरक्षण के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। सेवा संकल्प अभियान इसी सेवा, संवेदना एवं जनकल्याण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। वृद्धजनों की सेवा एवं उनका सम्मान करना हम सभी का नैतिक एवं सामाजिक दायित्व है।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं को समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना तथा जनसहभागिता के माध्यम से सेवा, संवेदना एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सुदृढ़ करना है। अभियान के अंतर्गत वृद्धजनों, निराश्रितों एवं जरूरतमंदों की देखभाल, सम्मान तथा उनकी आवश्यकताओं के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करने पर विशेष बल दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वृद्धजनों की सेवा एवं उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस प्रकार के आयोजन समाज में आत्मीयता, सहयोग एवं मानवीय संवेदनाओं को बढ़ावा देते हैं।
इस दौरान वृद्धाश्रम में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की गई तथा संवासियों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी ली गई। वृद्धजनों के स्वस्थ, सुखमय एवं सम्मानजनक जीवन की कामना की गई।
इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी नीलम सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
