मूर्ति विसर्जन के दौरान बरतें सावधानी – गहरे पानी मे न जाय-जिलाधिकारी
रिपोर्ट – वसीम
मीरजापुर।आगामी त्यौहार दुर्गा पूजा, दशहरा, मूर्ति विसर्जन को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण व सुरक्षित माहौल में सम्पन्न कराने के दृष्टिगत जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार व पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस अधिकारियों, मजिस्ट्रेटों व रामलीला, दुर्गा पूजा के आयोजकों सहित जनपद के संभ्रांत व्यक्तियों के साथ कलेक्ट्रेट में बैठक कर प्रत्येक थानावार आयोजकों की समस्याओं को सुनते हुए मौके पर उपस्थित सम्बन्धित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि त्यौहारों को खुशियों के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा आयोजन के पश्चात प्रतिमा विसर्जन के दौरान विशेष सावधानी बरतें, विसर्जन के दौरान गहरे पानी में न जाएं। उन्होंने कहा कि रामलीला आयोजन, दुर्गा प्रतिमाओं के आयोजन व विसर्जन के दौरान आयोजक समिति इस बात का विशेष ध्यान दे कि कोई भी व्यक्ति मादक पदार्थों का सेवन न करे। उन्होंने कहा कि सभी समितियां निर्धारित विसर्जन स्थलों पर ही विसर्जन करें। प्रतिमाओं को निर्धारित मानक से अधिक ऊंचा न बनाएं।बरकछा स्थित खण्डजा फॉल मार्ग पर पुलिस चौकी के सामने विसर्जन स्थल पर सभी व्यवस्थाएं तथा पानी में बैरीकेटिंग, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था, गोताखोर, अनाउंस सिस्टम आदि की व्यवस्थाएं जिला पंचायत द्वारा ससमय पूर्ण करा ली जाएं। दुर्गा पूजा स्थलों व रामलीला स्थल, दशहरा मेला स्थल पर आने वाले प्रमुख मार्गों को लोक निर्माण विभाग, जल निगम विभाग व नगरीय क्षेत्रों के अधिशासी अधिकारी नगर पालिका द्वारा ससमय मरम्मत कराकर आवागमन के योग्य बना दिया जाए। विद्युत विभाग के द्वारा ढीले तारों व टेढ़े/जर्जर खम्भों को सही कराने का निर्देश दिया। पण्डालों में विद्युत वायरिंग सही तरीके से कराई जाए, फायर मशीन की व्यवस्था अनिवार्य रूप से रखी जाए। कोई भी पण्डाल किसी भी हाईटेंशन तार के नीचे न लगाया जाए ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।उन्होंने जल निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया कि आयोजकों के द्वारा बताए गए मार्गों पर खोदे गए गड्ढों पर तत्काल कार्य पूर्ण कराते हुए मरम्मत करा दी जाए। प्रयास यह करें कि नवरात्र दशहरा तक किसी मार्ग व गलियों में गड्ढों की खुदाई न की जाए। उन्होंने कहा कि त्यौहार को पूरे अनुशासन और भाई चारे के साथ मनाएं।पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने कहा कि सभी समितियां प्रयास यह करें कि पूजा पण्डालों में सी०सी०टी०वी० कैमरा अनिवार्य रूप से लगाएं, जुलूस मार्ग पहले से निर्धारित करते हुए सम्बन्धित थानाध्यक्ष को दे दिया जाए। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर साइबर सेल के द्वारा कड़ी नजर रहेगी, गलत अफवाह फैलाने वालों पर एफ०आई०आर० दर्ज कर कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि किसी के द्वारा नशे में या अन्य तरीकों से पूजा पण्डाल, रामलीला स्थल व विसर्जन के दौरान अनावश्यक रूप से उपद्रव करने का प्रयास किया जा रहा हो तो उसे तत्काल सम्बन्धित थानाध्यक्ष को अवगत कराया जाए, त्वरित कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि किसी जुलूस में अस्त्र-शस्त्र का प्रयोग नहीं किया जाएगा। प्रत्येक पण्डाल स्थलों पर, रामलीला मंचन स्थल व दशहरा मेला पर पर्याप्त पुलिस बल के साथ पी०ए०सी० व होमगार्ड के जवान भी तैनात रहेंगे।बैठक में प्रत्येक थानावार आयोजकों के द्वारा अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं विशेषकर साफ सफाई, सड़कों की मरम्मत, गड्ढों को भरने, ढीले तारों को कसने, विद्युत आपूर्ति से सम्बन्धित समस्याओं से अवगत कराया गया, जिस पर जिलाधिकारी द्वारा सम्बन्धित अधिकारियों को समाधान कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।बैठक में अपर जिलाधिकारी वि०/रा० विनोद कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नगर योगेन्द्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नक्सल, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह, उप जिलाधिकारी चुनार अनेग सिंह, लालगंज अविनाश सिंह, सभी क्षेत्राधिकारी के अलावा संभ्रांत व्यक्तियों में अध्यक्ष विन्ध्य पण्डा समाज पंकज द्विवेदी, मंत्री भानु पाठक, गुंजन मिश्रा, भूपत मिश्रा, गौरव उमर, संतोष गुप्ता, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कछवां अजय उपाध्याय, सभासद रमई पट्टी नीरज गुप्ता, अमित श्रीनेत्र, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद मीरजापुर गोवा लाल के अलावा प्रत्येक थाना के आयोजक मण्डल के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
